Varanasi News: 11 लाख की ठगी में दो शातिर गिरफ्तार किए गए
Varanasi News: वाराणसी में बीमा कंपनी का कर्मचारी बनकर हाई रिटर्न का झांसा देने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों ने श्यामलाल पाल से 11 लाख 72 हजार 190 रुपये ठगे थे। पुलिस ने फोन और नकदी बरामद की। पिंडरा के रायतारा मुसहर बस्ती में बच्चों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताने के लिए ‘टिंग टोंग’ अभियान भी चलाया गया।

Varanasi News:
वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीमा कंपनी का कर्मचारी बन बीमाधारक को हाई रिटर्न का झांसा देकर 11 लाख 72 हजार रुपये की साइबर ठगी में बुधवार को पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेज दिया। साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों को आगरा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में आगरा के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 निवासी रंजन कुमार और केआर नगर, सिकंदरा के महर्षिपुरम कॉलोनी निवासी देवेश प्रताप सिंह हैं। आरोपियों ने संदहा निवासी श्यामलाल पाल से बीते अप्रैल में साइबर ठगी की थी। आरोपियों ने फोन कर खुद को पीएनबी मेट लाइफ एंश्योरेंस का कर्मचारी बताया था। श्यामलाल पाल इसी कंपनी से बीमा कराया था। आरोपियों ने बोनस और हाई रिटर्न का झांसा दिया। इसके लिए और रुपये निवेश करने की बात कही। आरोपियों ने कुल 11 लाख 72 हजार 190 रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने आगरा में एक कमरे में अपना सेटअप बनाकर रखा था। वहां से लोगों को रैंडम फोन करते थे। या फिर किसी बीमा कंपनी से बीमाधारकों का ब्योरा लेकर फोन से ठगी करते थे। आरोपियों पर आगरा में भी साल 2024 में धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी ऐक्ट में केस दर्ज है। आरोपियों के पास से एक आई फोन, एक एंड्रॉयड फोन, 45250 रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह, निरीक्षक विपिन कुमार, उप निरीक्षक संजीव कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल गौतम कुमार, कांस्टेबल पृथ्वीराज सिंह, सूर्यभान सिंह, मुकेश कुमार, मुख्य आरक्षी चालक विजय कुमार थे।
पिंडरा में साइबर ठगी से बचाव का अभियान
साइबर ठगी से बचाव के लिए चला ‘टिंग टोंग’ अभियान
पिंडरा। चाइल्ड राइट्स ऐंड यू (क्राई) के सहयोग से जनमित्र न्यास एवं मानवाधिकार जननिगरानी समिति ने पिंडरा के रायतारा मुसहर बस्ती में ‘टिंग टोंग’ जागरूकता अभियान चलाया। इसमें 15 बच्चों ने भाग लिया और गतिविधियों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके सीखे। कार्यक्रम में संस्था के संजय राजभर, गीता मौर्या, विनोद कुमार आदि मौजूद थे।

