Varanasi News: पार्क की भूमि के मामले में अफसरों ने बरती शिथिलता
Varanasi News: वाराणसी में विधायक सौरभ श्रीवास्तव को ज्ञापन देकर नागरिक सेवा समिति ने सरकारी जमीन को भूमाफियाओं से मुक्त कराने की मांग की। एसडीएम और लेखपाल द्वारा मामले में लापरवाही की शिकायत की गई है। विधायक ने डीएम को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है। क्षेत्र के लोग आंदोलन के लिए तैयार हैं।

Varanasi News: वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। गांधीनगर, नरिया में पार्क और कम्युनिटी सेंटर की जमीन को भूमाफियाओं से खाली कराने में सदर तहसील के अधिकारियों की शिकायत विधायक सौरभ श्रीवास्तव से की गई है। बुधवार को जवाहर नगर एक्सटेंशन स्थित संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रीय नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक पटेल ने विधायक को ज्ञापन सौंपा। इसके अनुसार एसडीएम सदर नितिन सिंह, लेखपाल ऋषि दुबे की ओर से मामले में गंभीरता न बरते जाने की शिकायत की गई है। अशोक पटेल ने विधायक से सरकारी जमीन को खाली कराने की मांग किया और आमजन के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस भूमि को चिन्हित कराने के लिए समिति को डेढ़ साल का समय लगा। लेकिन लंबे समय से अधिकारी और लेखपाल केवल टालमटोल कर रहे हैं। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने डीएम सत्येंद्र कुमार को फोन कर इस मामले में उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। समिति के सचिव वरुण सिंह ने बताया कि इस मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक याचिका दाखिल करने के संबंध में विचार चल रहा है। समिति के संरक्षक राजीव सिंह पटेल ने बताया कि क्षेत्र के लोग इस जमीन को बचाने को आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।


