
यूपी बोर्ड : बीस छात्रों पर तैनात होगा एक निरीक्षक
Varanasi News - यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी स्टाफ के परिचय पत्र 11 फरवरी को जारी होंगे। परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। हर केंद्र पर 50% बाह्य कक्ष निरीक्षक तैनात होंगे। कक्ष निरीक्षकों की संख्या छात्रों की संख्या पर आधारित होगी। सभी निरीक्षकों को 15 फरवरी तक रिपोर्ट करना होगा।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी स्टाफ के परिचय पत्र परीक्षा से एक सप्ताह पहले यानी 11 फरवरी को पोर्टल पर जारी होंगे। परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। इसमें कक्ष निरीक्षक ड्यूटी के लिए मानक भी तय किए गए हैं। साथ ही उनके लिए भी दिशानिर्देश माध्यमिक शिक्षा सचिव ने जारी किए हैं। परीक्षा ड्यूटी के लिए हर केंद्र पर 50 फीसदी बाह्य कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा आंतरिक कक्ष निरीक्षकों की तैनाती में भी यह ध्यान रखा जाएगा कि पूर्व में उनके खिलाफ कोई विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई न हुई हो।
परीक्षा में चार हजार से ज्यादा कक्ष निरीक्षक ड्यूटी करेंगे। हर निरीक्षक के परिचय पत्र पर उससे संबंधित जानकारी और क्यूआर कोड भी लगा होगा। प्रति कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों की संख्या का मानक भी निर्धारित किया गया है। 20 छात्रों पर एक और 40 पर दो कक्ष निरीक्षक तैनात होंगे। एक कक्ष में परीक्षार्थियों की संख्या 40 से ज्यादा होने पर तीन निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कक्ष में एक भी छात्रा के होने पर महिला निरीक्षक तैनात की जाएंगी। इसके अलावा पांच कक्षों पर एक रिजर्व कक्ष निरीक्षक भी होगा। सभी निरीक्षकों को परीक्षा से तीन दिन पहले यानी 15 फरवरी तक अपनी ड्यूटी के केंद्र पर पहुंचकर केंद्र व्यवस्थापक को रिपोर्ट करनी होगी। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा संबंधी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसके लिए समय-समय पर आवश्यक निरीक्षण और निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




