ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीमेडिकल स्टाफ के लिए क्वारंटीन सेंटर बने होटल के दो कर्मचारी पॉजिटिव

मेडिकल स्टाफ के लिए क्वारंटीन सेंटर बने होटल के दो कर्मचारी पॉजिटिव

आजमगढ़ में कोरोना गांव के बाद धीरे धीरे शहरी इलाके को चपेट में ले रहा है। लैब टेक्नीशियन व सरकारी डाक्टर के बाद अब शहर के एक होटल के दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप है। इस होटल में...

मेडिकल स्टाफ के लिए क्वारंटीन सेंटर बने होटल के दो कर्मचारी पॉजिटिव
आजमगढ़ वरिष्ठ संवाददाताFri, 29 May 2020 11:06 PM
ऐप पर पढ़ें

आजमगढ़ में कोरोना गांव के बाद धीरे धीरे शहरी इलाके को चपेट में ले रहा है। लैब टेक्नीशियन व सरकारी डाक्टर के बाद अब शहर के एक होटल के दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप है। इस होटल में राजकीय मेडिकल कालेज के स्टाफ क्वारंटीन किए गए है। लैब टेक्नीशियन की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद होटल के 12 कर्मचारियों के सैंपल लिये गए थे।

अप्रैल के पहले हफ्ते में शहर के दो होटलों को राजकीय मेडिकल कालेज के डाक्टरों व नर्स को रहने के लिए प्रशासन ने रिजर्व किया था। इसके बाद से शहर के सिविल लाइंस के इन दो होटलों में पहले डाक्टर फिर अन्य मेडिकल स्टाफ बारी बारी से क्वारंटीन किये गए। इनमें से एक होटल में कभी 12 कभी 14 लोग क्वारंटीन रहने लगे। 

22 मई को मेडिकल कालेज के एक लैब टेक्नीशियन की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद यहां के एक दर्जन स्टाफ की सैंपलिंग की गई। शुक्रवार को यहां के एक सिक्योरिटी गार्ड व एक बर्तन मांजने वाली महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। हालांकि बजट की कमी के चलते ही बुधवार को ही होटल को मेडिकल स्टाफ ने खाली कर दिया। अब प्रशासन सभी को होम क्वारंटीन कर रहा है। वहीं आरटीओ आफिस के पास बाबा कालोनी में रहने वाले सदर अस्पताल के डाक्टर के पॉजिटिव आने के बाद वहां भी 24 लोगों की सैंपलिंग की गई है।

आजमगढ़ में शुक्रवार को अब तक सर्वाधिक 19 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों को राजकीय मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड के अलावा प्राइवेट हास्पिटल में आइसोलेट करने की तैयारी चल रही है। 19 नए मरीजों के साथ अब जिले में कोरोना पाजिटिव की संख्या बढ़ कर 88 तक पहुंच गई है। इसमें से दो की मौत हो चुकी है। नौ लोग स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। फिलहाल 77 एक्टिव मरीज हैं।

पॉजिटिव मरीजों में सबसे अधिक जहानागंज के नेतपुर गांव के आठ लोग शामिल हैं। इसमें पिछले दिनों कोरोना से मृत प्रवासी के परिवार के छह सदस्य भी पॉजिटिव निकले हैं। आठ कोरोना मरीज मुंबई, एक मरीज लुधियाना से आया है।

जहानागंज थाने के नेतपुर गांव निवासी मुंबई प्रवासी 35 वर्षीय युवक की कोरोना के चपेट में आने से 17 मई को मौत हो गई थी। मौत के बाद 21 मई को उसकी पत्नी,पुत्र और गांव का आटो रिक्शा चालक की भी रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। तीनों अभी भी मेडिकल कालेज में आइसोलेट हैं। इस बीच शुक्रवार को कोरोना से मृत मुंबई प्रवासी के परिवार की दो महिलाओं, एक युवती और तीन सदस्य भी पाजिटिव निकल गए। इसके अलावा संपर्क में आने पर गांव के दो और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

मार्टीनगंज तहसील के कलीमपुर गांव में मुंबई से ट्रक से आई 75 वर्षीया वृद्धा की घर पहुंचते ही 19 मई को मौत हो गई थी। मृत वृद्धा के परिवार के भी दो सदस्यों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसी तहसील के बरौनी गांव निवासी एक व्यक्ति ट्रेन से मुंबई से आया था। यह भी पाजिटिव पाया गया है।
इसके अलावा फूलपुर तहसील के रसुलपुर अहमदअली , शेखवलिया , पक्खनपुर अहिरौला का, भानीपुर पवई, सगड़ी तहसील के काखभार बनकटिया में एक-एक व्यक्ति पाजिटिव पाए गए हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें