
बापू के आदर्शों पर चलने का संकल्प
Varanasi News - वाराणसी में काशी विद्यापीठ में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने उनके विचारों को याद किया और विश्वविद्यालय की सेवाओं का उल्लेख किया। प्रार्थना सभा में भजनों का आयोजन हुआ। उदय प्रताप कॉलेज में भी विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने गांधी जी को श्रद्धांजलि दी।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर काशी विद्यापीठ में उनका स्मरण किया गया। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने ‘बापू कक्ष’ और पंत प्रशासनिक भवन में गांधी प्रतिमा पर विश्वविद्यालय परिवार सहित श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गांधी अध्ययन पीठ सभागार में प्रार्थना सभा आयोजित हुई। यूपी कॉलेज में भी सर्वोदय दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। प्रार्थना सभा में कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि बापू के स्वदेशी और मानव सेवा के विचारों को राष्ट्ररत्न शिव प्रसाद गुप्त एवं भारतरत्न डॉ. भगवान दास ने काशी विद्यापीठ के रूप में साकार किया। बापू की प्रेरणा और आदर्शों पर स्थापित यह विश्वविद्यालय आज भी उनके दिखाए मार्ग पर अग्रसर है, जिसका उदाहरण 100 से अधिक कुष्ठ रोगियों को गोद लेने का सेवा प्रकल्प है।
कुलपति ने काशी विद्यापीठ को चन्द्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, राम प्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों की कर्मभूमि बताते हुए कहा कि यहां से लाल बहादुर शास्त्री, राजाराम शास्त्री, पंडित कमलापति त्रिपाठी और रामकृष्ण हेगड़े जैसे महान समाजसेवक राष्ट्र निर्माण में आगे आए। प्रार्थना सभा में मंच कला के विद्यार्थियों ने ‘वैष्णव जन तो’, ‘पायो जी मैंने’, ‘हरि तुम हरो जन की पीर’, ‘कौन ठगवा नगरिया’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, छात्रकल्याण अधिष्ठाता प्रो. राजेश मिश्रा, प्रो. अमिता सिंह, प्रो. निशा सिंह एवं सम्पत्ति अधिकारी डॉ. सूर्यनाथ उपस्थित रहे। संचालन प्रो. बंशीधर पाण्डेय और धन्यवाद ज्ञापन गांधी अध्ययन पीठ की निदेशक प्रो. वन्दना सिन्हा ने किया। दूसरी तरफ उदय प्रताप कॉलेज में गांधी जी की पुण्यतिथि (सर्वोदय दिवस) पर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा विचार गोष्ठी और रचनात्मक आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. अलका रानी गुप्ता के व्याख्यान से हुई। शिक्षक अतुल कुमार सिंह, शोधार्थी शिवम सिंह, प्रशंसा राय, रूपाली सिंह तथा छात्र अर्क पांडेय, अभिलाषा उपाध्याय, श्वेता मिश्रा, दिव्यांशु सिंह और मनीष यादव ने विचार रखे। अंत में प्रतिभागियों ने गांधी जी की स्मृति में चित्र बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




