सड़क हादसे में घायल युवक की 6 दिन बाद टूटी सांस
Varanasi News - पिंडरा में 7 जनवरी रात कोहरे के कारण हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय आकाश उर्फ सूरज चौबे की मौत हो गई। वह बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे जब उनकी बाइक एक खड़े ट्रक से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के नागापुर हाइवे पर 7 जनवरी रात घने कोहरे के कारण हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा वाराणसी–जौनपुर फोरलेन मार्ग पर उस समय हुआ, जब सड़क पर खड़े एक ट्रक से बाइक पीछे से जा टकराई। रामपुर (थाना फूलपुर) निवासी आकाश उर्फ सूरज चौबे (35 वर्ष) बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। नागापुर के पास कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान दोनों टायर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे
के बाद सड़क पर पड़े घायल युवक को पीछे से गुजर रहे केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से सुरही हाइवे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत नाजुक होने पर उन्हें बाद में इंफिनिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां मंगलवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूरज बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और इन दिनों घर से ही वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और उनके परिवार में पत्नी तथा पांच वर्षीय पुत्र आरव है। पिता शिवपूजन चौबे के अनुसार, हादसे में सूरज के सीने में गंभीर चोट आई थी, जिससे उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। इस संबंध में इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




