करंट से विवाहिता की मौत, बिना सूचना दाह संस्कार
Varanasi News - मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव में एक विवाहिता उर्मिला देवी की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में घास काटते समय वह एक विद्युत तार के संपर्क में आईं। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए शव का दाह संस्कार कर दिया। मृतका के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।

मिर्जामुराद। डंगहरिया गांव में रविवार को खेत में घास काटने गई एक विवाहिता की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना देर रात ही शव का दाह संस्कार कर दिया। डंगहरिया (मिर्जामुराद) गांव निवासी 36 वर्षीय उर्मिला देवी रविवार दोपहर घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान एक किसान की ओर से फसल बचाने के लिए खेत में बिछाये गए विद्युत तार के संपर्क में आ गई और झुलस गईं। काफी देर तक वह खेत में ही पड़ी रहीं। उधर से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी।परिजन
आनन-फानन में विवाहिता को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पति पवन पटेल मजदूरी (पल्लेदारी) कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


