तेज रफ्तार कार की टक्कर से रिटायर दो सैन्यकर्मियों की मौत
Varanasi News - चौबेपुर थाना क्षेत्र में रिंगरोड पुल पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो रिटायर सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। चालक घटनास्थल से भाग निकला, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों रिटायर हवलदार यूपी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड थे और एक शादी में शामिल होकर लौट रहे थे।

चिरईगांव, संवाद। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपूरा के पास गुरुवार रात रिंगरोड के पुल पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार रिटायर दो सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। साथ जा रहा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। कमौली निवासी 44 वर्षीय रवीन्द्र कुमार मिश्रा और सिंहवार गांव के 60 वर्षीय श्रीनारायण यादव में दोस्ती थी। दोनों सेना से हवलदार पद से रिटायर हुए थे और यूपी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। गुरुवार को दोनों चंदौली के सकलडीहा में एक सहकर्मी के घर वैवाहिक समारोह में शामिल होने बाइक से गए थे।
साथ में श्रीनरायन यादव का 10 वर्षीय पोता प्रियांशु यादव भी था। लौटते समय रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही बभनपूरा गांव के पास रिंगरोड के पुल नीचे उतरने के लिए घूमे, उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। रवींद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि श्रीनारायण यादव और प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रीनारायण और प्रियांशु को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजवाया। जहां श्रीनारायण को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल प्रियांशु का उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


