तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक में फंसी मासूम, गई जान
पिंडरा (वाराणसी) में रविवार शाम एक स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर से 7 वर्षीय नित्या की मौत हो गई। बच्ची पटरी पर चल रही थी जब बाइक तेज गति से आई और उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजनों ने आक्रोशित होकर बाइक मालिक के घर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लिया।

पिंडरा (वाराणसी), संवाद। फूलपुर-खालिसपुर मार्ग पर आदि हिन्दू प्राथमिक विद्यालय (फूलपुर) के सामने रविवार शाम स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। आक्रोशित परिजन शव लेकर बाइक स्वामी के घर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। फूलपुर कस्बा निवासी जितेंद्र राजभर की सात वर्षीय पुत्री नित्या पटरी पर चल रही थी। शाम करीब चार बजे खालिसपुर की तरफ से एक युवक तेज गति से बाइक लेकर आ रहा था। पटरी पर चल रही मासूम को टक्कर मार दी। मासूम बाइक में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई।
लोगों के शोर मचाने पर बाइक की गति धीमी की। बच्ची को बाइक से अलग करने के बाद भाग निकला। आनन फानन में लोग बच्ची को चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आक्रोशित लोग शव लेकर फूलपुर कस्बा निवासी बाइक स्वामी सुभाष पटेल के घर पहुंच गए। बाइक चालक को बाहर निकालने की मांग करने लगे। सूचना पर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और बाइक स्वामी को पकड़ कर थाने ले आए। कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। नित्या एक भाई और दो बहनों में मझली थी। पिता मजदूरी करता है। मां चंदा रो-रो कर बेहाल थी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


