
मंडुवाडीह चौराहे से खत्म होगी यू-टर्न व्यवस्था
Varanasi News - वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने यू-टर्न व्यवस्था समाप्त करने, पार्किंग स्थान चिह्नित करने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 21 चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग बनाने के साथ-साथ ट्रैफिक लाइट और बूथ स्थापित करने का भी सुझाव दिया।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था देखी। मंडुवाडीह चौराहे का निरीक्षण किया। सड़क चौड़ी होने के बाद यहां से यू-टर्न व्यवस्था बंद करने के निर्देश दिए। कहा कि चौराहे पर ट्रैफिक लाइट एवं बीच में ट्रैफिक बूथ स्थापित करने के लिए नगर निगम से कहा गया है। इसके बाद यहां यू-टर्न की व्यवस्था समाप्त होगी। साथ ही वर्तमान में दो पहिया वाहनों के लिए यू-टर्न की दूरी 500 मीटर की जगह 100 मीटर पर करने के निर्देश दिए। लंका क्षेत्र में रविदास गेट से मालवीय गेट के बीच दो-पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए कलर पार्किंग बनेगी।
सड़क पर पेंट कर दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग का स्थान चिह्नित किया जाएगा। इसके बाहर वाहन खड़े मिले तो कार्रवाई की जाएगी । रविदास गेट से मालवीय गेट के बीच ऑटो एवं ई-रिक्शा पार्किंग से बाहर मिलने पर कार्रवाई करने के लिए कहा। निर्देश दिया कि मालवीय चौराहे के चारों तरफ 100 मीटर तक किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं होगी। शहर के 21 चौराहों पर तीन दिन में जेबरा क्रॉसिंग बनवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि महत्वपूर्ण मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े वाहन, ठेले एवं अतिक्रमण की पहचान कर तत्काल हटाएं। व्यापारिक संस्थानों के बाहर बिना अनुमति पार्किंग एवं सड़क पर माल लोड, अनलोड करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूल वाहन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, ई-रिक्शा, टेम्पो और ऑटो के रूट एवं परमिट अनुपालन की सख्त निगरानी के आदेश दिए। स्टंट, हाई-स्पीड ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान चलाने के लिए कहा। इस दौरान एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी., एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्र मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




