पिछले तीन दिनों की तरह गुरुवार को भी दोपहर में धूप रही। शाम चार बजे के आसपास बादलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। बारिश का यह दौर करीब 45 मिनट तक चला। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे तक अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। मौसम की वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर प्रदेश के मध्य और इससे सटे पूर्वी भागों पर पहुंच गया है। इसके साथ आगे बढ़ रहा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र समुद्र तल से 5.8 किमी ऊंचाई पर है। इसकी वजह से काफी नमी मिल रही है। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अधिकतर स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय का कहना कि शुक्रवार तक ऐसी स्थिति रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे बारिश कम होगी। बीते 24 घंटे में 68.3 मिमी बारिश हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा 85 से 91 फीसदी के बीच रही। प्रो. पांडेय के मुताबिक दिन की गर्मी और शाम को नमी मिलने से थंडरस्टार्म की स्थिति बन रही है। इससे गरज-चमक के साथ बारिश होती है।
अगली स्टोरी