ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीउगते चांद के साथ आकाश की ओर बढ़े टिमटिमाते दीपक

उगते चांद के साथ आकाश की ओर बढ़े टिमटिमाते दीपक

शरद पूर्णिमा की शाम काशी के दशाश्वमेध समेत कई घाटों पर अलौकिक दृश्य दिखा। एक तरफ क्षितिज से चांद शनै:-शनै: ऊपर बढ़ रहा था, ठीक इसी समय दशाश्वमेध घाट...

उगते चांद के साथ आकाश की ओर बढ़े टिमटिमाते दीपक
हिन्दुस्तान टीम,वाराणसीThu, 21 Oct 2021 03:12 AM
ऐप पर पढ़ें

वाराणसी। प्रमुख संवाददाता

शरद पूर्णिमा की शाम काशी के दशाश्वमेध समेत कई घाटों पर अलौकिक दृश्य दिखा। एक तरफ क्षितिज से चांद शनै:-शनै: ऊपर बढ़ रहा था, ठीक इसी समय दशाश्वमेध घाट पर बांस के सहारे रस्सियों में बांधकर लटकाई गई टोकरियों में टिमटिमाते दीपक आकाश की ओर बढ़ रहे थे। अवसर था पुलिस और पीएसी के शहीद जवानों की याद में आकाशदीपों के रोहण का।

गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत शरद पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक पूरे एक महीने नित्य संध्या बेला में दीपों का आकाशारोहण किया जाएगा। बुधवार की शाम कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई। इसके बाद एक तरफ वैदिक ब्राह्मणों द्वारा शांति पाठ किया जा रहा था दूसरी तरफ 34वीं और 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन मुखर हो रही थी। पांच वैदिक ब्राह्मणों ने मां गंगा का षोडशोपचार पूजन किया। पूजन के उपरांत मां गंगा की पवित्र जलधारा पर 101 दीप प्रवाहित किए गए। गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमन दुबे ‘बाबू महाराज ने बताया कि गंगा के घाट पर कार्तिक माह में जलता आकाशदीप इस बात का परिचायक है कि शहीदों के प्रति हमारे मन में श्रद्धा की रोशनी कितनी उज्ज्वल है। आयोजन में दिनेश शंकर दुबे, गंगेश्वर धर दुबे, डॉ. संतोष ओझा, शांतिलाल जैन, संकठा प्रसाद समेत समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का संचालन सरिता बरनवाल ने किया।

इनकी याद में जलाए गए आकाशदीप

देवेन्द्र मिश्रा पुलिस उपाधीक्षक, अनूप कुमार सिंह उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, महेश कुमार यादव उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, नेवूलाल उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, जितेन्द्र पाल आरक्षी नागरिक पुलिस, सुल्तान सिंह आरक्षी नागरिक पुलिस, विनोद कुमार सिंह मुख्यआरक्षी, संजय कुमार आरक्षी, मैनेजर प्रसाद सिंह प्लाटून कमाण्डर, अनिल कुमार सिंह मुख्य आरक्षी।

शामिल हुए गणमान्य

महंत अन्नपूर्णा मंदिर शंकर पुरी, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, आईपीएस चंद्रिका राय, कमिश्नर जीएसटी लल्लन कुमार, भाजपा काशी प्रांत अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डॉ. एमपी सिंह, डॉ. टीपी चतुर्वेदी, डॉ. रितु गर्ग, नरसिंह दास और डॉ. नीलम सिंह उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें