वाराणसी। वरिष्ठ संवाददाता
वातावरण में गलन शुक्रवार को भी हावी रही। न्यूनतम तापमान में कमी भी आई। सुबह कोहरा तो लगभग पूरे दिन धुंध छायी रही। वैसे, तीन जनवरी से गलन में कमी आने का संकेत भी मिल रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.6 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियश था। न्यूनतम तापमान (7.0) सामान्य से दो डिग्री सेल्सियश कम था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री था। वातावरण में नमी 89 फीसदी रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी एक-दो दिन न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियश के बीच रहेगा। तीन जनवरी के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि की उम्मीद है। स्काईमेट के अनुसार उत्तर भारत में मौसम करवट ले रहा है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के करीब पहुंचेगा। चक्रवाती हवा का एक क्षेत्र राजस्थान के ऊपर विकसित हो गया है। इन दोनों सिस्टमों के कारण अगले चार-पांच दिनों के दौरान बर्फीली हवा नहीं आएगी। इससे तापमान में गिरावट थमेगी।