
डंपर ने साइकिल सवार किशोर को कुचला, ग्रामीणों ने हाइवे किया जाम
Varanasi News - चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुरपुर गांव में एक तेज रफ्तार डंपर ने 17 वर्षीय किशोर आकाश निषाद को कुचल दिया। आकाश साइकिल से खेल मैदान जा रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर दिया। आकाश का परिवार दुख में है, क्योंकि वह इकलौता पुत्र था और फौज में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
चौबेपुर,वाराणसी। वाराणसी–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुरपुर गांव के समीप मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से जा रहे एक किशोर को कुचल दिया। मृतक की पहचान ढाका गांव निवासी 17 वर्षीय आकाश निषाद के रूप में हुई है। आकाश रोज की तरह सुबह साइकिल से चौबेपुर स्थित खेल मैदान में दौड़ लगाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे रौंद दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाइवे जाम कर दिया। जाम की सूचना पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
आकाश इकलौता पुत्र था। वह दिन में मछली पकड़कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता कमल निषाद ने बताया कि फौज में भर्ती की तैयारी कर रहा था। बेटे का शव को देखकर पिता कमल निषाद फूट-फूट कर रो पड़े और बार-बार कहते रहे कि अब उनका सहारा कौन बनेगा। मां, बहन समेत घर के अन्य परिजन दहाड़ें मारकर रोते रहे। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




