संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या का आरोप
संक्षेप: Varanasi News - चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर में प्रकाश कुमार गौड़ की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को उठाने से रोका। मृतक का जमीन विवाद चल रहा था और आरोपी उसे जान...
चिरईगांव, संवाद। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरायनपुर के प्रकाश कुमार गौड़ की सोमवार रात सन्दिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मंगलवार को सुबह घर के पास लगे आरओ प्लान्ट के कमरे में लगी लकड़ी की बल्ली से लटकती लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना व चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजनों ने गांव के पिता पुत्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव ले जाने से रोक दिया। पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

मृतक के छोटे भाई मनोज जोर जोर से चिल्लाते हुए कह रहा था कि आरोपियों से पहले से ही जमीन का विवाद चल रहा है। इसे लेकर मार-पीट भी हुई थी, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है। इसी को लेकर आरोपी हमेशा जान से मारने की धमकी देते थे। सूचना के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसीपी सारनाथ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उनसे तहरीर देने को कहा। इसके पिता रमेश गौड़ ने नामजद तहरीर दी। लगभग पांच घण्टे के बाद शव पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी चौबेपुर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक चार भाई है। सोमवार को आपसी बंटवारे को लेकर मृतक का उसके भाइयों से विवाद हुआ था। सूचना पर पीआरवी की पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतक के भाइयों में आपसी हाथापाई हुई थी। मृतक के सिर के निचले हिस्से में चोट के भी निशान देखे गए थे, जिसकी फोटो भी पुलिस के पास है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




