बाबू तैलंग सीनियर लीग में आनंद क्रिकेट अकादमी को मिली ट्राफी

हिन्दुस्तान, वाराणसी
Follow us on Google News
share

वाराणसी में विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें क्रिकेट, हैंडबॉल, फुटबॉल और दौड़ शामिल हैं। रणजी खिलाड़ी बाबू तैलंग स्मृति सीनियर जिला क्रिकेट लीग में आनंद क्रिकेट अकादमी विजेता रही। गाजियाबाद ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में जीत हासिल की। मार्गदर्शक इलेवन ने फुटबॉल में उदयीमान इलेवन को हराया। सोनिया ने रन फॉर ग्लोरी में पहला स्थान पाया।

बाबू तैलंग सीनियर लीग में आनंद क्रिकेट अकादमी को मिली ट्राफी

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। प्रतिष्ठित रणजी खिलाड़ी बाबू तैलंग स्मृति सीनियर जिला क्रिकेट लीग एवं रणजी खिलाड़ी सगीर अहमद स्मृति जूनियर जिला क्रिकेट लीग-2026 का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को द क्रिकेट बॉय अकादमी गौराकलां के मैदान में आयोजित हुआ। सीनियर लीग की विजेता ट्राफी आनंद क्रिकेट अकादमी विजेता को मिला। अकादमी ने 13वीं बार यह ट्रॉफी जीती है। सीनियर लीग में विवेक अकादमी उप विजेता रही। इसमें सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सिद्धांत पाठक, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मार्कंडेय चौरसिया, प्लेयर आफ द सीरीज का पुरस्कार सिद्धांत पाठक को दिया गया। जूनियर लीग में शिवपुर अकादमी को विजेता एवं द क्रिकेट बॉय अकादमी की टीम को उप विजेता का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के पूर्व डीन ऑफ स्टूडेंट रणजी खिलाड़ी प्रो. सुशील शर्मा रहे। समारोह के गेस्ट ऑफ ऑनर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम रहे। विशिष्ट अतिथि सरदार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल, रंजन मिश्रा, प्रधानाचार्य डॉ. सुशांत द्विवेदी रहे। अध्यक्षता पूर्व रणजी खिलाड़ी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर पूर्व रणजी खिलाड़ी जावेद अख्तर खान ने की। संचालन आयोजन सचिव पीपी आनंद मिश्रा ने किया। आयोजन के व्यवस्थाप उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के डेवेलपमेंट कमेटी के सदस्य जमाल अख्तर रहे। धन्यवाद ज्ञापन बीसीसीआई लेवल ओ कोच रंजीत सिंह ने किया। इस मौके पर रणजी खिलाड़ी सीमान्त सिंह, चयनकर्ता अजय पांडेय, विनोद बिंद, कृष्णा यादव, राजेश राय, प्रियंकर राहुल, राहुल, रितेश, हेमंत राय, सैफी अहमद, उमेश वर्मा मौजूद थे। आनंद क्रिकेट अकादमी की टीम कमच्छा स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में अभ्यास करती है。

गाजियाबाद ने जीता उद्घाटन मैच

फोटो- हैंडबॉल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ की ओर से केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में रविवार शाम को राज्य स्तरीय अंडर-20 (बालक वर्ग) हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में संत कबीर नगर और गाजियाबाद की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया। गाजियाबाद ने संत कबीर नगर को 15-21 के अंतर से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।

मुख्य अतिथि माननीय आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विशिष्ट अतिथि वीडीए के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय के अध्यक्ष विजय कुमार जायसवाल, यूपी हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय, प्रखर शुक्ला, शुभम राय, संतोष पांडेय, सुशील तिवारी, संजय कुमार गिरि आदि मौजूद थे। यह प्रतियोगिता नौ जून तक चलेगी।

वाईएपीएल के फाइनल में दागिना डायमंड किंग और उमा ब्लॉसम आमने-सामने

फोटो- सिगरा

वाराणसी। युवा अग्रवाल सम्मेलन ट्रस्ट की ओर से सिगरा स्थित सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित वाईएपीएल रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांचक लीग मुकाबलों के बाद दागिना डायमंड किंग और उमा ब्लॉसम ने फाइनल में जगह बना ली।

दूसरे दिन खेले गए लीग मुकाबले में उमा ब्लॉसम ने 10 ओवर में 171 रन बनाकर एटीए हस्टलर्स को 52 रन से पराजित किया। वहीं दागिना डायमंड किंग ने एटीए हस्टलर्स के खिलाफ 10 ओवर में 180 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मयंक न्योटिया ने 87 रन की विस्फोटक पारी खेली और अंतिम छह गेंदों पर लगातार छह छक्के जड़े। जवाब में एटीए हस्टलर्स की टीम 93 रन ही बना सकी। शिवम सरावगी ने चार विकेट लेकर टीम को 87 रन से शानदार जीत दिलाई। अंतिम लीग मुकाबले में उमा ब्लॉसम ने राधेश्याम रेंजर्स को फाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। इसके साथ ही देर रात दागिना डायमंड किंग और उमा ब्लॉसम के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान दर्शकों, विशेषकर महिलाओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर दिया।

एचडीएफसी बैंक ने सीएसके को 39 रन से हराया

फोटो- एचडीएफसी

वाराणसी। शिवपुर मिनी स्टेडियम में रविवार को आयोजित स्वर्गीय नवी अहमद कैनवस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को एचडीएफसी बैंक और सीएसके क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में एचडीएफसी बैंक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएसके को 39 रन से पराजित कर जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एचडीएफसी बैंक की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 31 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके क्रिकेट क्लब की टीम एचडीएफसी बैंक के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 35 रन पर ऑल आउट हो गई।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए एचडीएफसी बैंक के खिलाड़ी अनिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन समिति के सचिव नफीस अहमद पटेल ने बताया कि टूर्नामेंट के लीग चरण से एचडीएफसी क्रिकेट क्लब, जेडी इंडस्ट्री, बाबा स्पोर्टिंग क्लब, आशू इलेवन, शिवम् स्पोर्टिंग क्लब, कालमेट इलेवन, जय माता दी इलेवन तथा वर्मा स्पोर्टिंग क्लब सहित कुल आठ टीमें अगले दौर में प्रवेश कर चुकी हैं। मैच में अंपायरिंग मोहम्मद हिसामुद्दीन और डेविड ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी डम्पी ने निभाई। समापन पर एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड मनीष टंडन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। 14 जून को फाइनल मैच खेला जाएगा। इस अवसर पर कप्तान अब्दुल कादिर, विशाल सिंह, टोनी, मनोज यादव, अभिलंब, अमरजीत, जिशान एवं शिवम् आदि थे।

मार्गदर्शक इलेवन ने उदयीमान इलेवन को 4-0 से हराया

फोटो- फुटबॉल

वाराणसी। शीएट कॉलेज (गहनी) के खेल मैदान पर 24 मई से चल रहे 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर खेले गए मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच में मार्गदर्शक इलेवन (प्रशिक्षकों की टीम) ने उदयीमान इलेवन (प्रशिक्षु खिलाड़ियों की टीम) को 4-0 से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

मैच के तीसरे मिनट में साकेत सिंह ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में आर्यन ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। द्वितीय हाफ में मार्गदर्शक इलेवन का दबदबा जारी रहा। 49वें मिनट में सज्जन और 69वें मिनट में आदित्य ने गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश फुटबॉल महासंघ के महासचिव मोहम्मद शाहिद को फुटबॉल के विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. बी.बी. सिंह ने शिविर में भाग लेने वाले 146 खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए। यूपीएससी के सचिव सतेंद्र बहादुर सिंह ने शिविर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। साकेत सिंह ने प्रशिक्षक यासिर, आकाश, आरिस, अजीज, सज्जन एवं सचिन को सम्मानित किया। संचालन डॉ. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संतोष शाह, देवेंद्र लोहानी, रमेश सिंह, नवीन सिंह, पलक सिंह, प्रज्ञा सिंह, आयुष सिंह, शोभित सिंह सहित अभिभावक उपस्थित रहे।

सोनिया पांच किमी की रन फॉर ग्लोरी में प्रथम

फोटो- विकास

वाराणसी। सोनिया ने रविवार को यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित पांच किलोमीटर की रन फॉर ग्लोरी में 38 मिनट का समय निकाल कर पहला स्थान प्राप्त किया।

मंदिरा ने 41 मिनट का समय निकाल कर दूसरे और इंदु 43 मिनट का समय लेकर तीसरे स्थान पर रही। लालपुर स्टेडियम से यह रेस शुरू हुई और परमानंदपुर मिनी स्टेडियम पर समाप्त हुई। इस रेस में रग्बी, हॉकी, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस,जूडो और खो खो के बालक बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के संयोजक डॉ एके सिंह थे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बाबू तैलंग स्मृति सीनियर जिला क्रिकेट लीग का विजेता कौन है?
आनंद क्रिकेट अकादमी विजेता है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।