सपा के युवा नेता विवेक बने कोरोना के ग्रास
समाजवादी पार्टी के कैंट विधानसभा क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष विवेक यादव का मंगलवार को कोरोना संक्रमण के चलते पहड़िया स्थित निजी अस्पताल में निधन हो गया।...
वाराणसी। प्रमुख संवाददाता
समाजवादी पार्टी के कैंट विधानसभा क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष विवेक यादव का मंगलवार को कोरोना संक्रमण के चलते पहड़िया स्थित निजी अस्पताल में निधन हो गया। बीते तीन दिनों से उन्हें ऑक्सीजन लगाया गया था।
विवेक कुछ दिनों पूर्व कोरोना से संक्रमित हुए थे। चिकित्सकीय परामर्श के अनुरूप जद्दूमंडी स्थित आवास पर ही उनका उपचार किया जा रहा था। मंगलवार की भोर में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां यह कहते हुए भर्ती करने से इनकार कर दिया गया कि यह अस्पताल एल-1 स्तर का है। एमएलसी आशुतोष सिन्हा और महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने जिलाधिकारी से संपर्क किया। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला अस्पताल में बेड तो उपलब्ध हो गई लेकिन वहां वेंटिलेटर की सुविधा न होने से विवेक को पहड़िया स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां उपचार शुरू होने के कुछ ही समय बाद उनकी सांसें थम गईं। विवेक के निधन पर जिलाध्यक्ष सुजित यादव, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, एमएलसी लालबिहारी यादव, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटेल, पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, पूर्व मंत्री बहादुर सिंह यादव, पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, पूर्व विधायक महेन्द्र पटेल, शालिनी यादव, अजय चौधरी, शमीम अंसारी, वरुण सिंह, आनंद मौर्या, दिलीप कश्यप, पूजा यादव, आदि ने शोक जताया है।
