ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीमां को बेटों ने छोड़ा, विभाग ने मृत घोषित किया

मां को बेटों ने छोड़ा, विभाग ने मृत घोषित किया

जंसा थाना क्षेत्र के मनियारीपुर गांव निवासी हूबराजी देवी पत्नी कल्लू राम के लिए ये मातृ दिवस कोई मायने नहीं रखता। हूबराजी देवी के बेटों ने उन्हें छोड़ दिया है। ऐसी विषम परिस्थिति में समाज कल्याण...

मां को बेटों ने छोड़ा, विभाग ने मृत घोषित किया
रामेश्वर। हिन्दुस्तान संवादMon, 14 May 2018 04:06 PM
ऐप पर पढ़ें

जंसा थाना क्षेत्र के मनियारीपुर गांव निवासी हूबराजी देवी पत्नी कल्लू राम के लिए ये मातृ दिवस कोई मायने नहीं रखता। हूबराजी देवी के बेटों ने उन्हें छोड़ दिया है। ऐसी विषम परिस्थिति में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियो ने भी उन्हें मृत घोषित कर, उनकी पेंशन रोक दी। इतना ही नहीं ग्राम प्रधान द्वारा दिये गये जीवित प्रमाण पत्र को भी विभाग ने मानने से इनकार कर दिया। वहीं आपूर्ति विभाग ने भी महिला को मृत मानकर उसका राशन कार्ड निरस्त कर दिया है। बड़ी बात यह है कि किन कारणों से जिन्दा रहते हुये महिला को मृत घोषित किया गया यह बताने में दोनों विभागों के अधिकारी असमर्थ हैं।

हूबराजी देवी ने बताया कि मेरे पति कल्लू राम बुजुर्ग हैं। इसलिए कोई काम करने में असमर्थ हैं। वहीं मेरे दो बेटे सुरेश चंद्र व श्याम लाल काफी समय से पहले ही हम दोनों को छोड़कर अलग रहने लगे हैं। इसके बाद समाज कल्याण विभाग और आपूर्ती विभाग ने हमें दोहरी मार दे दी। 2016 से विभाग ने मेरी पेंशन रोक दी है। अधिकारियों का कहना है कि पेंशन के लिये फिर से प्रार्थना पत्र दो। बार-बार विभाग के चक्कर काटने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई तो मैंने प्रधान से जीवित प्रमाण पत्र लिखवाकर विभाग को दिया। लेकिन अधिकारियों ने उसे मानने से इनकार कर दिया। वहीं आपूर्ति विभाग ने भी मृत घोषित कर मेरा राशन कार्ड निरस्त कर दिया है। जिससे मुझे राशन मिलना भी बंद हो गया है। अब ऐसे में रुपये और राशन न मिलने से भुखमरी की कगार पर पहुंच गई हूं। 

सब्जी बेचकर चलाती है घर का खर्च
हूबराजी देवी अपना और पति का भरण पोषण करने के लिए शहर से सब्जी खरीदकर लाती हैं। उसके बाद पूरे गांव में घूम-घूम का सब्जी बेचती हैं। ग्रामीण भी उनकी समस्या को देखते हुए जो बन सकता है उनकी मदद करते रहते हैं।

आधारकार्ड भी बनवा लिया
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शायद आधार लिंक नहीं होने से ऐसा हुआ होगा। जिस पर हुबराजी देवी ने अपना आधार भी अधिकारियों को दिखाया। लेकिन उसकी एक न सुनी गई।

इस बावत मुझे कोई जानकारी नहीं है। सरकार के निर्देशानुसार जो भी पेंशनधारी आधार कार्ड नहीं दिया है। उनकी पेंशन बन्द हो गयी है। मामले को दिखवा लेता हूं।
श्रवण कुमार, बाबू, समाज कल्याण विभाग, सेवापुरी

मामले की जानकारी मुझे अब तक नहीं है। उपभोक्ता का राशन कार्ड कैसे निरस्त हुआ। इसकी जांच करायी जायेगी। पात्र होने पर पुनः राशन कार्ड बनाया जायेगा।
श्याम मोहन सिंह, आपूर्ति निरीक्षक  

एक वर्ष पूर्व मनियारीपुर बरनी के कोटेदार राजकुमार मौर्या के यहां सबद्ध था। जब मनियारीपुर गांव हमारे यहां जुड़ा तो पात्र गृहस्थी सूची में हुबराजी देवी का नाम नहीं था। इसलिए हम राशन नहीं देते हैं।
प्रभुनारायण पांडेय, कोटेदार, मनियारीपुर    

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें