मौसम: 91 की रफ्तार से चली आंधी में उड़े सैकड़ों पेड़-पोल और शेड

Newswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share

Varanasi News - वाराणसी में चक्रवाती आंधी और ओलावृष्टि के कारण बुधवार शाम मौसम में अचानक बदलाव हुआ। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस गिर गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। आंधी ने कई पेड़, घरों और बिजली के तारों को नुकसान पहुंचाया। इस आपदा में तीन लोग घायल हुए। मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी दी है।

मौसम: 91 की रफ्तार से चली आंधी में उड़े सैकड़ों पेड़-पोल और शेड

वाराणसी, हिटी। बवंडरनुमा (चक्रवाती परिसंचरण) आंधी और ओलावृष्टि-बारिश के चलते बुधवार शाम मौसम में अचानक बदलाव हुआ, अधिकतम तापमान में एक झटके में 15 डिग्री सेल्सियस की कमी आई गई। लोगों को पूरे दिन की तपिश और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले में आंधी की रफ्तार 91 किमी प्रति घंटा रही। 4.1 मिमी बारिश हुई। गुरुवार से आकाश साफ रहेगा जबकि 18 मई से लू चलने का पूर्वानुमान है। तब तपिश और लू दो-तीन दिनों तक परेशान करेगी。

आंधी और बारिश के प्रभाव

लगभग 40 मिनट तक आंधी-पानी के दौरान सैकड़ो पेड़-पोल और घरों के छप्पर-टिन शेड उड़ गए, ट्रांसफार्मर गिर गए जबकि बिजली के तार टूट कर सड़कों पर जा गिरे। कई रोड पर आवागमन बाधित रहा। इस आपदा में दो महिलाओं समेत तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। जिले में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में देर रात तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

Voice of UP

तापमान में अचानक गिरावट

मंगलवार की तुलना में बुधवार दिन से लेकर शाम 5 बजे तक तपिश अधिक रही। उसके बाद पश्चिम दिशा से बढ़ते आ रहे बादलों को देख लोगों ने आंधी का अनुमान लगाना शुरू कर दिया। आधा घंटा बाद यानी 5.30 बजे तेज रफ्तार हवा चलने लगी। पहले बूंदाबादी, फिर तेज बारिश शुरू हो गई। यह क्रम लगभग 40 मिनट तक चला। इसके असर से शाम 7.30 बजे अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर पहुंच गया था। इसके चलते वातावरण खुशगवार हो गया था। जिले के पश्चमी इलाकों-पिंडरा, फूलपुर, बड़ागांव क्षेत्रों में 10 मिनट तक 15-25 ग्राम तक ओले गिरे। वहीं, मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।

पेड़ों के गिरने की घटनाएं

लोहता में नीम के पेड़ ने ली भैंस की जान

लोहता के कोरौता पटेल बस्ती में नीम का पेड़ उखड़कर भैंस पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। रामलीला मैदान में शीशम का पेड़ धराशायी हो गया। स्टेशन रोड पर एक फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल गिर गई।

बाल-बाल बचीं गाय

जक्खिनी के पनियरा में रामचंद्र कुमार सिन्हा के मकान परिसर में पेड़ गिर जाने से गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई। गाय बाल-बाल बच गईं। शाहंशाहपुर के बेलवा पुरवा में बृजराज मिश्रा के मकान का शेड और दिवाल क्षतिग्रस्त हो गई। वहां काम कर रहे श्रमिक बाल-बाल बचे। रामनगर में साहित्यनाका राजकीय बाल गृह के पास एवं किला मार्ग पर हाइटेंशन लाइन पर पेड़ गिर गया।

पुलिस का अलर्ट

अलर्ट करने निकली पुलिस

पश्चिम यूपी में तेज आंधी से जानमाल की भारी क्षति की सूचना आते ही पुलिस विभाग अलर्ट मोड में आ गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस जीप से सड़कों पर निकली। लोगों को अलर्ट किया कि घरों में जाएं, खुले में ना रहें।

घायलों की संख्या

दीवार गिरी, युवक घायल

बनारस स्टेशन के पास मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चंदन मकान का निर्माण करा रहे हैं। आंधी के दौरान छत की बाउंड्री पड़ोसी सुनील विश्वकर्मा के मकान पर गिर पड़ी। इससे सुनील का भतीजा मोहित घायल हो गया।

भीमनगर में दो महिलाएं जख्मी

कैंट थाना क्षेत्र के भीमनगर में आंधी-तूफान के दौरान श्यामसुंदर गुप्ता के मकान की दूसरी मंजिल का छज्जा पड़ोसी उमानाथ के मकान पर गिर पड़ा। मकान का सीमेंट सेट भी नीचे आ गिरा। उमानाथ के परिवार की समता और बदामा देवी घायल हो गईं। टीवी, बफर, कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

वाहनों को नुकसान

चोलापुर में कई वाहन क्षतिग्रस्त

चोलापुर क्षेत्र के हाजीपुर गांव में दीना राठौर के दरवाजे पर नीम का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में दरवाजे पर खड़ी लगभग आधा दर्जन गाड़ियां आ गईं, वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

ठठरा में छत डैमेज, बाइक क्षतिग्रस्त

लालपुर-भीखमपुर मार्ग पर लालपुर गांव के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। ठठरा निवासी लक्ष्मीना देवी में मकान की बाउंड्री वाल गिर गई, पताली यादव की छत डैमेज हो गई। मिर्जामुराद के गौर गांव में सोनू प्रजापति के मकान के ऊपर कमरे पर रखा सीमेंटेड पतरा तेज हवा के साथ उड़कर नीचे गिरने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

यातायात पर असर

भदोही रोड पर वीडीए की होर्डिंग गिरी

जंसा क्षेत्र के परमन्दापुर गांव के समीप वाराणसी-भदोही मुख्य मार्ग पर लगा वीडीए की विशाल होर्डिंग भरभरा कर गिर गई। इससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

बिजली आपूर्ति की स्थिति

बिजली आपूर्ति बहाल कराने में देर रात तक जुटे रहे कर्मचारी

आंधी-पानी के चलते बुधवार को शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था छिन्न भिन्न हो गई। आंधी का अधिक असर ग्रामीण इलाकों में रहा। मेन सप्लाई बंद होने से एक साथ कई फीडर ट्रिप कर गए। कई जगहों पर पेड़ गिरने से पोल और तार टूट गए। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर गिर गया। इस कारण कहीं पांच घंटे तो कहीं सात घंटे सप्लाई बंद रही। ग्रामीण के कुछ इलाकों में तो देर रात तक बिजली बहाल हुई। शहरी क्षेत्र में आंधी की आहट होते ही सभी उपकेन्द्रों से एहतियातन बिजली आपूर्ति रोक दी गई थी। प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने में विभागीय कर्मचारी और अभियंता देर रात तक प्रयासरत रहे।

विमान सेवा पर असर

बेंगलुरु से वाराणसी आ रहा विमान लखनऊ डायवर्ट

मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते बुधवार को बेंगलुरु से वाराणसी आ रहा विमान लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन भी कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। इंडिगो एयरलाइन्स का विमान 6ई 6596 बेंगलुरु हवाई अड्डे से शाम 3.15 बजे उड़ान भरकर शाम 5.45 बजे वाराणसी के हवाई परिक्षेत्र में पहुंचा। विमान हवा में आधे घंटे तक चक्कर लगाता रहा लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उतरने की अनुमति नहीं दी। तब चालक दल ने तत्काल लखनऊ एटीसी से संपर्क कर विमान को डायवर्ट कर दिया गया। विमान में क्रू मेंबर सहित कुल 73 लोग सवार थे। लखनऊ हवाई अड्डे पर विमान की सकुशल लैंडिंग कराई गई। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। उधर, मौसम सामन्य होने के बाद विमान शाम 7:40 बजे वाराणसी पहुंचा।

सामान्य प्रश्न

वाराणसी में मौसम में अचानक क्या बदलाव आया?
बवंडरनुमा आंधी और ओलावृष्टि-बारिश के चलते बुधवार शाम मौसम में अचानक बदलाव हुआ, जिससे अधिकतम तापमान में 15 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।