Varanasi News: लगातार बारिश से बढ़ा बाढ़ का दायरा
Varanasi News: वाराणसी में लगातार बारिश के कारण गंगा और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। मिर्जामुराद में दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। अब तक 3000 से अधिक लोग राहत शिविरों में पहुंच चुके हैं।

Varanasi News: वाराणसी, हिटी। पर्वतीय से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक लगातार हो रही तेज वर्षा के चलते गंगा एवं सहायक नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी है। मंगलवार को जलस्तर कुछ घंटे के लिए स्थिर होने से राहत की बनी उम्मीद देर तक नहीं रही। मंगलवार रात 12 बजे के बाद गंगा के जलस्तर में फिर बढ़ाव होने और उसके चलते वरुणा में पलट प्रवाह बढ़ने से बाढ़ के हालात गंभीर हो चले हैं। वहीं, लगातार बारिश जानलेवा होती जा रही है। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र में बारिश के दौरान पशुशाला की कच्ची दीवाल गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मिर्जापुर में वृद्धा की मौत कच्चा मकान गिरने से हो गई। बुधवार रात आठ बजे वाराणसी में गंगा का जलस्तर (70.44 मीटर) खतरे के निशान (71.262 मीटर) से 82 सेंमी नीचे था। उस समय एक सेंमी प्रति घंटा की गति से बढ़ाव हो रहा था। प्रयागराज एवं मिर्जापुर में गंगा के रूख के आधार पर केन्द्रीय जल आयोग ने अगले 24 घंटे तक बनारस में भी बढ़ाव का अनुमान लगाया है। गंगा और वरुणा के बाढ़ का पानी बुधवार को नए मोहल्लों-गांवों तक पहुंच गया। इससे विस्थापित होने वालों की संख्या भी बढ़ गई है। अब तक तीन हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में पहुंच चुके हैं। फसलों एवं सब्जियों को भी नुकसान होने लगा है।
आज भी भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी विभाग की ओर से जारी किया गया है।
बनारस, सोनभद्र व बलिया में बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण गुरुवार को जिले में कक्षा-8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गई है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार सभी बोर्ड के स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं गुरुवार को स्थगित रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सोनभद्र में 12वीं तक के और बलिया में कक्षा 8 तक के स्कूल गुरुवार को बंद कर दिये गए हैं।


