Varanasi News: पंचतीर्थ के जल से 501 श्रद्धालु करेंगे पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक
Varanasi News: वाराणसी के सारनाथ स्थित सारंगनाथ मंदिर में मंगलवार को 'पार्थिव शिवलिंग अभिषेक' और 'झूलनोत्सव' का आयोजन होगा। इस समारोह में 501 श्रद्धालु मिट्टी के शिवलिंग बनाएंगे और सामूहिक रुद्राभिषेक करेंगे। बाबा विश्वनाथ की पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें काशी के पवित्र जल का उपयोग होगा।

Varanasi News: वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। शिव-गौरी की पावन नगरी में मंगलवार को सारनाथ स्थित सारंगनाथ मंदिर में काशीवासी ‘पार्थिव शिवलिंग अभिषेक’ और ‘झूलनोत्सव’ करेंगे। इसका आयोजन सामूहिक रुद्राभिषेक पीठम, शिव बारात समिति और शिवांजलि संयुक्त रूप से कर रही है। आयोजन समिति के सदस्यों ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मुख्य अनुष्ठान से पूर्व बाबा विश्वनाथ की प्रतीकात्मक पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यह पालकी यात्रा सारनाथ स्थित जैन तीर्थंकर श्रेयांसनाथ (श्रीयांश नाथ) की जन्मस्थली से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ होगी। यहां सेर बाबा की पालकी मुख्य मार्गों से होते हुए सारंगनाथ महादेव मंदिर तक जाएगी। वहां पहुंचने के बाद मुख्य अनुष्ठान प्रारंभ होगा।
आयोजन में 501 श्रद्धालु परिवार मिट्टी के पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण करेंगे। फिर उनका सामूहिक रुद्राभिषेक होगा। बाबा की ससुराल में उनके विशेष सत्कार के लिए काशी के सबसे पवित्र जल स्रोतों को एकत्रित किया जा रहा है। इस जल में सर्व औषधियों के साथ काशी के पौराणिक पंचनद तीर्थ (पंचगंगा घाट की पांच नदियों) और पंचकूपों का पावन जल मिलाया जाएगा। अभिषेक-शृंगार के बाद बाबा चंद्रमौलिश्वर स्वरूप में दर्शन देंगे। इसके बाद झूलनोत्सव का आयोजन होगा। पत्रकार वार्ता में शिवांजलि से भानु, शिव बारात समिति से दीपक बजाज, हरीश वालिया, दिलीप सिंह, सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ से सुधीरानंद महाराज और भावना सिंह आदि मौजूद रहे।


