Varanasi News: श्रीराम की वानरी सेना का लंका प्रस्थान
Varanasi News: रामलीला के 20वें दिन श्रीराम वानरी सेना के साथ लंका की ओर प्रस्थान करते हैं। रावण विभीषण की सलाह ठुकराकर उन्हें लंका से निकाल देता है और विभीषण श्रीराम की शरण में पहुंचते हैं। समुद्र नल-नील के स्पर्श से पत्थरों के तैरने की बात बताता है। वानर-भालू सेतु बनाते हैं और श्रीराम शिवलिंग की स्थापना कर पूजा करते हैं।

Varanasi News: रामनगर (वाराणसी), संवाददाता। महाबली हनुमान ने सीता का पता बताकर श्रीराम को उनका अभीष्ट दे दिया तो वानरी सेना का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया। प्रभु का आदेश हुआ और लंका के फतह के लिए वानरी सेना निकल पड़ी। रामलीला के 20वें दिन श्रीराम सुग्रीव से वानरी सेना को लंका के लिए प्रस्थान करने का आदेश देने को कहते हैं। देवताओं की जय-जयकार के बीच श्रीराम की वानरी सेना लंका पर चढ़ाई करने के लिए चल पड़ती है। वानरी सेना के साथ वे समुद्र के किनारे पहुंचते हैं। उधर रावण का दूत उसे बताता है कि राम सेना के साथ समुद्र के किनारे खड़े हैं। रावण अपने मंत्रियों से विचार विमर्श करने लगा तभी वहां विभीषण पहुंचे। रावण ने उनकी सलाह मांगी तो विभीषण ने उसे समझाया कि राम से बैर ठीक नहीं है। भाई के मुंह से दुश्मन की बड़ाई सुनकर वह क्रोधित हो उठा और लात मारकर विभीषण को लंका से बाहर निकाल दिया।
विभीषण की शरणागति और समुद्र सेतु का उपाय
अपमानित विभीषण श्रीराम की शरण में जा पहुंचते हैं। उनकी आगवानी के बाद श्रीराम उनसे समुद्र पार करने का उपाय पूछते हैं। विभीषण कहते हैं कि वैसे तो आपका बाण ऐसे करोड़ों समुद्र सोख सकता है। लेकिन समुद्र आपके कुल का बड़ा है। आप विनती करिए समुद्र ऐसा उपाय करेगा कि आप पार चले जाएंगे। श्रीराम विनती करते हैं। जब देर तक समुद्र कोई उत्तर नहीं देता तो श्रीराम अग्निबाण निकाल कर प्रत्यंचा पर चढ़ा लेते हैं। यह देख समुंद्र प्रकट होकर क्षमा मांगने लगा। समुद्र राम को बताते हैं कि आपकी सेना के नल और नील नाम के बंदरों को बचपन में ही ऋषि का आशीर्वाद मिला है कि वह जिस पत्थर या पहाड़ को छू देंगे वह पानी में तैरने लगेंगे। आप इस विधि से सेतु का निर्माण कराइए।
सेतु निर्माण और शिवलिंग की स्थापना
जामवंत की सलाह पर सभी वानर, भालू, पहाड़ और पेड़ उखाड़ लाते हैं। सेतु का निर्माण शुरू हो जाता है। यह देखकर श्रीराम वहां की रमणीक भूमि पर शिवलिंग की स्थापना करते हैं। शिव स्थापन एवं पूजन के बाद वह कहते हैं कि शिव के समान हमें कोई प्यारा नहीं है। शिवद्रोही मुझे सपने में भी नहीं पा सकता। जो मेरे द्वारा स्थापित रामेश्वरम का दर्शन करेगा वह हमारे धाम को जाएगा। जो सेतु का दर्शन करेगा वह भवसागर पार कर जाएगा। यहीं पर आरती के बाद लीला को विश्राम दिया गया।

