
शंकराचार्य के अपमान पर जताया आक्रोश
Varanasi News - प्रयागराज के माघमेला क्षेत्र में मौनी अमावस्या पर शंकराचार्य के साथ हुई घटना के विरोध में वाराणसी में प्रदर्शन हुए। दंडी संन्यासियों ने उपवास किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। प्रयागराज के माघमेला क्षेत्र में मौनी अमावस्या पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना का काशी में विरोध हो रहा है। मेला प्रशासन द्वारा उन्हें स्नान से रोकने, संतों-बटुकों से दुर्व्यवहार के विरोध में काशी में सोमवार को प्रदर्शन हुए। अस्सी स्थित मुमुक्ष भवन में दंडी संन्यासियों ने सांकेतिक उपवास किया। वहीं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी विरोध दर्ज कराया। दंडी संन्यासियों ने दोषीजनों पर कार्रवाई की मांग की। यह भी कहा कि माघ मेला प्रशासन शंकराचार्य से खेद जताते हुए उनके स्नान की परंपरागत व्यवस्था करे। संन्यासियों ने कहा कि संतों और बटुकों के साथ हुए दुर्व्यवहार, अज्ञात लोगों द्वारा शंकराचार्य के रथ को खींचकर एक किमी दूर कर दिया जाना सनातन धर्म का अपमान है।
दंडी संन्यासी महासमिति के महामंत्री ईश्वरानंद तीर्थ ने कहा कि यह सीधे-सीधे राजनीति से प्रेरित प्रकरण है। शंकराचार्य के साथ मेला प्रशासन शुरू से ही अनुचित व्यवहार करता आया है। मौनी अमावस्या के दिन हुई घटना उसी का एक और उदाहरण है। उपवास में स्वामी रामदेव आश्रम, स्वामी रामखेलन आश्रम, स्वामी सर्वेश्वरानंद तीर्थ, स्वामी राघवेंद्रानंद तीर्थ, स्वामी जितेंद्रानंद तीर्थ, स्वामी राजेश्वरानंद तीर्थ, स्वामी नारायण आश्रम, स्वामी उपेंद्रानंद तीर्थ,पं.सुनील शुक्ला, संजय पांडेय आदि शामिल रहे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों ने माघ मेला प्रशासन के विरोध में जुलूस निकाला। तेलियाबाग चौराहे से निकाले गए जुलूस में शासन-प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए छात्रों का समूह विश्वविद्यालय परिसर स्थित वाग्देवी मंदिर पहुंचकर सभा में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने मामले में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




