वाणिज्यिक वाहनों पर एकमुश्त टैक्स का विरोध
Varanasi News - वाराणसी में वाणिज्यिक वाहनों पर एकमुश्त टैक्स वसूली के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुआ है। बनारस टूरिज्म एसोसिएशन ने परिवहन विभाग द्वारा 15 वर्षों का टैक्स एक साथ वसूलने के खिलाफ आवाज उठाई है। एसोसिएशन ने पुराने वाहनों पर लागू प्रावधान को वापस लेने की मांग की है, अन्यथा कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ने की चेतावनी दी है।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। वाणिज्यिक वाहनों पर एकमुश्त टैक्स की व्यवस्था का विरोध शुरू हो गया है। बनारस टूरिज्म एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को नदेसर स्थित पीसीएफ प्लाजा परिसर में ट्रांसपोर्टरों, ट्रैवल एजेंटों ने प्रदर्शन किया। इनका कहना है कि परिवहन विभाग वाणिज्यिक वाहनों पर अब तक तीन माह पर टैक्स वसूलता था। लेकिन 30 जनवरी से 15 वर्षों का टैक्स एकसाथ वसूला जा रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुराने वाहनों पर भी प्रावधान लागू होने पर इसे तत्काल वापस लेने की मांग किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश दुबे ने कहा कि इस प्रावधान से ट्रांसपोर्टरों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
यदि इसे सरकार ने वापस नहीं लिया तो कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। बड़ी मुश्किल यह कि पुराने वाहनों पर सरकार ने पहले टैक्स ले लिया है, उस राशि को नये नियम से घटाए बिना ही लागू किया जा रहा है। जिससे दोहरे टैक्स की समस्या होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों सौरभ सिंह, आनंद सिंह, नीरज बदलानी ने कहा कि जब परिवहन विभाग केवल पांच साल के परमिट जारी करता है तो 15 साल का टैक्स एकसाथ क्यों लिया जा रहा है? इस प्रावधान को भी वापस लेना चाहिए। प्रदर्शन में बिहारी पांडेय, पप्पू यादव, संजय सिंह, सतीश सिंह, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


