
मोदी के स्वागत में आमजन की सहभागिता बढ़ाएं : सीएम
Varanasi News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्तूबर को काशी आ रहे हैं। इस दौरान वह 1300 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से शहर को...
वाराणसी, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपने तीसरे कार्यकाल में सौगात देने पहली बार काशी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन नव्य और भव्य हो। सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेकर काम शुरू करा दें। इसमें आमजन की भागीदारी भी होनी चाहिए। वह मंगलवार सुबह लखनऊ रवाना होने से पूर्व सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। सीएम योगी ने बैठक में जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों का फीडबैक लिया और 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित आगमन पर जोरदार अगवानी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री तीसरे कार्यकाल में पहली बार सौगात देने अपने संसदीय क्षेत्र आ रहे हैं। इसलिए उनके आगमन से पूर्व शहर को सजाएं। नगर में स्वच्छता अभियान चलाएं। आमजन की भागीदारी कराते हुए काशी को फ्री-प्लास्टिक शहर बनाएं। प्रकाश की सुंदर व्यवस्था करें। विभागीय अधिकारियों से कहा कि बारिश में जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराएं। प्रधानमंत्री के स्वागत में जगह-जगह गेट और पुष्पवर्षा के लिए मंच तैयार करें।
सुबह 9:40 पर हो गए रवाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह करीब 9.40 बजे लखनऊ लौट गए। वह सोमवार शाम बनारस पहुंचे थे। समीक्षा बैठक के बाद वह प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं का स्थलीय भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया था। रवानगी से पहले पूर्व मंत्री शतरुद्र प्रकाश और विद्यापीठ के प्रो. केके सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
सीएम के न आने से परिजनों में मायूसी छा गया
कछवांरोड। विगत दिनों कछवां क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृत 10 मजदूरों के गांव बीरबलपुर-रामसिंहपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री का इंतजार होता रहा। परिजन को आस थी कि सीएम आएंगे तो उनसे अपनी पीड़ा बता सकते हैं। गांव में पांच दिन बाद भी सन्नाटा दिखा। कई घरों से महिलाओं के रुक-रुक के रोने की आवाज आ रही थी।
------------------
प्रधानमंत्री देंगे 13 सौ करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
- 20 अक्तूबर को प्रस्तावित है एक दिवसीय दौरा
- काशी में करीब पांच घंटे तक प्रवास करेंगे मोदी
- मंडलायुक्त ने कहा, जल्द होगी परियोजनाओं की सूची
इंफो
460 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण है संभावित
900 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास है संभावित
वाराणसी, विशेष संवाददाता। अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर 20 अक्तूबर को काशी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सौ करोड़ के परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें लगभग 460 करोड़ के लागत से तैयार 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 900 करोड़ की सात परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। जिला प्रशासन इनके सत्यापन में जुट गया है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का काशी प्रवास पांच घंटे का होगा। वे हरहुआ-संदहा रिंग रोड स्थित हरिहरपुर में निर्मित शंकर नेत्र अस्पताल जाएंगे। अस्पताल के लोकार्पण के बाद यहां 'स्वथ्य दृष्टि समृद्ध काशी' के लाभान्वित लोगों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद सिगरा स्टेडियम में बने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और उनसे जुड़े लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। यहीं पर परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के 20 अक्तूबर के प्राथमिक सूचना पर प्रशासन तैयारी कर रहा है। लोकार्पण व शिलान्यास की सूची एक-दो दिन में फाइनल हो जाएगी।
इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास संभावित
सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नमो घाट, सारनाथ प्रो-पुअर टूरिज्म, ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे स्पोर्स्ट्स और किड्स जोन और टाउनहाल में नगर निगम के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स । एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत टर्मिनल भवन का भी शिलान्यास होना तय माना जा रहा है। शिलान्यास और लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं की सूची बढ़ भी सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




