ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीदूसरे प्रदेशों से बनारस आकर फंसे लोगों की वापसी शुरू, 45 दिन बाद घर जाने की दिखी खुशी

दूसरे प्रदेशों से बनारस आकर फंसे लोगों की वापसी शुरू, 45 दिन बाद घर जाने की दिखी खुशी

दूसरे प्रांतों से आकर बनारस में फंसे लोगों की घर वापसी शुरू हो गई है। फिलहाल राजस्थान और झारखंड के लोगों को सबसे पहले मौका मिला है। कोई शादी में आकर फंस गया था तो कोई बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने...

दूसरे प्रदेशों से बनारस आकर फंसे लोगों की वापसी शुरू, 45 दिन बाद घर जाने की दिखी खुशी
वाराणसी वरिष्ठ संवाददाताThu, 07 May 2020 01:40 PM
ऐप पर पढ़ें

दूसरे प्रांतों से आकर बनारस में फंसे लोगों की घर वापसी शुरू हो गई है। फिलहाल राजस्थान और झारखंड के लोगों को सबसे पहले मौका मिला है। कोई शादी में आकर फंस गया था तो कोई बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने आया और लॉकडाउन के कारण यहीं रह गया था। करीब 45 दिनों बाद घर वापस जाने की खुशी इनके चेहरों से झलक रही थी। बुधवार की रात से रात से राजस्थान और झारखंड के 1859 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू होने के बाद गुरुवार की सुबह से इन्हें बसों से रवाना करना शुरू कर दिया गया। इन्हें नि:शुल्क घर भेजा जा रहा है। इसमें कामगार के अलावा ज्यादातर छात्र, तीर्थयात्री और पर्यटक हैं। 

इन लोगों को वेबसाइटों पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जाने का मौका मिला है। राजस्थान सरकार की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाने वाले 494 लोगों के लिए परिवहन निगम की बसों का इंतजाम करवाया गया है। ये बसें संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान से सुबह सात बजे से रवाना होनी शुरू हुई हैं। रवानगी से पहले सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं मिलेंगे, उन्हें बसों से राजस्थान के भरतपुर जिले के लिए रवाना कर दिया जाएगा। भरतपुर से आगे वहां की सरकार प्रबंध करेगी।  

इसी प्रकार झारखंड के 1365 लोगों ने पिछले दिनों रजिस्ट्रेशन कराया था। इन्हें झारखंड के गढ़वा जिले भेजने के लिए बसों की व्यवस्था कैंट स्थित रोडवेज बस अड्डे पर की गई है। सभी की मेडिकल जांच होने के बाद सुबह आठ बजे बसों से सोनभद्र होते हुए  भेजा जा रहा है। गढ़वा में झारखंड सरकार व्यवस्था करेगी। सभी यात्रियों को अपने पास फोटो आईडी कार्ड और यथासंभव आधार कार्ड भी रखना होगा। 

डीएम कौशल राज शर्मा के अनुसार बिहार के 2300 यात्रियों को आठ व नौ मई को बस या ट्रेन से भेजने का प्रबंध किया जा रहा है। अब भी किसी ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो वह अपने नजदीकी थाने पर भी करा सकता है। आज शाम तक जिन लोगों की सूची मिलेगी। उन्हें भिजवाया जाएगा। बताया कि पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए भी उनकी सरकार से बातचीत चल रही है। जल्द ही उन्हें भी भेजने का प्रबंध किया जाएगा।

क्वारंटीन सेंटर से झारखंड के 63 मजदूर हुए रवाना
पिंडरा। गजोखर स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखे गए 153 बिहार के मजदूरों के बाद दूसरे दिन झारखंड के 63 मजदूर दो बसों के साथ घरों को रवाना किए गए। यह सभी क्वारंटीन सेंटर में पिछले 35 दिन से ऊपर रह रहे थे। इस बाबत क्वारंटीन प्रभारी/ एसडीएम न्यायिक एम एम वर्मा ने बताया कि धीरे धीरे मजदूरों को उनके घर भेजने का इंतजाम हो रहा है। दूसरे दिन झारखंड के  मजदूरों को भेजा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें