पैंथर क्लब को जूनियर बालक हॉकी का खिताब
वाराणसी में परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम में पूर्व विधायक रामजीत राजभर स्मृति जिलास्तरीय सेवन ए साइड जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल खेला गया। पैंथर क्लब ने रॉयल क्लब को 6-2 से हराकर ट्रॉफी जीती। अंशु शर्मा ने दो गोल किए। मुख्य अतिथि अनिल राजभर ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए।
वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित पूर्व विधायक रामजीत राजभर स्मृति जिलास्तरीय सेवन ए साइड जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का शुक्रवार को फाइनल खेला गया। पैंथर क्लब ने रॉयल क्लब को 6-2 को पराजित कर ट्राफी जीत ली। पैंथर क्लब की टीम ने शुरू से आक्रमण की नीति अपनाई।
खेल का विवरण
खेल के सातवें मिनट में अंशु शर्मा ने एकल प्रयास से गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 19वें मिनट में वंश पटेल ने रिवर्स फ्लिक से गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। 24वें मिनट में शुभम पटेल के सटीक क्रॉस पास पर ईशान पटेल ने बेहतरीन गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। रॉयल क्लब की टीम को दो मौके गोल करने को मिले लेकिन दोनों बार बॉल गोल पोस्ट को टच करती बाहर चली गई। हॉफ टाइम तक यही स्कोर रहा।
दूसरे हाफ की रणनीति
दूसरे हाफ में रॉयल क्लब ने रणनीति बदली। 28वें और 34वें मिनट में रॉयल क्लब के रौनक ने गोल कर स्कोर 2-3 कर मैच को रोचक बना दिया। दो गोल खाने के बाद पैंथर क्लब की टीम ने अपने को रिचार्ज किया। अंशु शर्मा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 39वें और 42वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-2 कर दिया। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले शुभम पटेल ने गोल कर स्कोर 6-2 कर दिया।
पुरस्कार वितरण
मुख्य अतिथि प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी और पदक प्रदान किया। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर संजय सिंह, अभय प्रजापति, डॉ. राम ललित सिंह, डॉ. आशा सिंह, भागवत सिंह, राजेश कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह सहित कई खेलप्रेमी मौजूद थे। हॉकी वाराणसी के सचिव केबी रावत ने संचालन किया। आयोजन सचिव इदरीस अहमद ने धन्यवाद दिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


