
पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र को हार्ट अटैक, बीएचयू अस्पताल लाए गए
Varanasi News - वाराणसी/मिर्जापुर के उपशास्त्रीय गायक पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र को शनिवार रात माइनर हार्ट अटैक आया। उन्हें बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।...
वाराणसी/मिर्जापुर, हिटी। पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र को शनिवार रात नौ बजे माइनर हार्ट अटैक आया। डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी बेटी प्रो. नम्रता मिश्र उन्हें एंबुलेंस से देर रात लेकर वाराणसी पहुंचीं। उन्हें बीएचयू के सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक के आईसीयू में भर्ती किया गया है। निदेशक डॉ. एसएन शंखवार समेत विशेषज्ञों की टीम इलाज में जुटी हुई है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि शुगर लेवल बढ़ने और हीमोग्लोबिन घटने से उपशास्त्रीय गायक की हालत गंभीर हो गई। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजीव सिंह के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम महंथ शिवाला स्थित उनकी बेटी प्रो. नम्रता मिश्र के आवास पर पहुंची।

स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। इस दौरान प्रो. संजीव सिंह ने उन्हें हारमोनियम बजाकर भजन ‘सीताराम...सीताराम कहिए... सुनाया था। रामकृष्ण मिशन अस्पताल में उन्हें एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। शुक्रवार रात भी खून चढ़ा। इससे उनके स्वास्थ्य में मामूली सुधार हुआ। उनकी बेटी ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे उनके संगीतज्ञ पिता को माइनर हार्ट अटैक आया। रामकृष्ण मिशन अस्पताल के सीएमएस डॉ. विकास कामले ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। उधर, एमएलसी धर्मेंद्र राय और सुरेश सिंह ने अस्पताल में उपशास्त्रीय गायक का हालचाल जाना। उन्होंने उनकी चिकित्सा व्यवस्था बेहतर करने का निदेशक को निर्देश दिया। उनकी बेटी ने बताया कि उनके पिता इन दिनों मिर्जापुर में उनके आवास पर ही रह रहे हैं। उन्हें शरीर में खून की कमी की समस्या है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




