टी-20: उद्घाटन मैच में परिचालन ने कार्मिक विभाग को हराया
Varanasi News - वाराणसी में लहरतारा स्थित रेलवे मिनी स्टेडियम में एनईआर की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन मैच में परिचालन विभाग ने कार्मिक विभाग को चार विकेट से हराया। कार्मिक विभाग ने 137 रन बनाए, जबकि परिचालन विभाग ने 18.3 ओवर में 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। रामप्रवेश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। लहरतारा स्थित रेलवे मिनी स्टेडियम में एनईआर (वाराणसी मंडल) की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू हुई। एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा ने बल्लेबाजी करके स्पर्धा का शुभारम्भ किया। उद्घाटन मैच में परिचालन विभाग ने कार्मिक विभाग को शिकस्त दी। परिचालन विभाग ने टॉस जीतकर कार्मिक विभाग को पहले बैटिंग करने का आमंत्रण दिया। कार्मिक विभाग ने 20 ओवर में सात विकेट पर 137 रन बनाए। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने छह चौके और चार छक्के की मदद से 39 बाल पर शानदार 69 रन बनाए, अमित कुमार ने 13 बॉल पर एक चौके और एक छक्के की मदद से मदद से 16 रन तथा सुनील और राहुल भट्ट ने 11-11 रन बनाए।
परिचालन विभाग की तरफ से आशीष सिंह ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिये। गोविंदा, रामप्रवेश राहुल और मनीष कुमार को एक विकेट मिले। जवाब में उतरी परिचालन विभाग की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके पांच विकेट 50 रन पर ही गिर गए लेकिन खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए परिचालन विभाग ने 18.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाकर चार विकेट से मैच जीत लिया। रामप्रवेश ने 18 बाल पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन, आशीष कुमार ने 36 बाल पर तीन चौके की मदद से 33 रन और गौरव कुमार ने 33 बाल पर पांच चौके की मदद से 31 रन बनाए। कार्मिक विभाग के भृगेन्द्र सिंह ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट, सुनील ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए अमित को एक विकेट प्राप्त हुआ। परिचालन विभाग के राम प्रवेश यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (प्रथम) रजत प्रिय ने दिया। शनिवार को परिचालन विभाग और विद्युत लोको शेड के बीच मैच खेला जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




