
छोटी-छोटी फाइलों का लालच नहीं बनने दे रहा सड़कें
Varanasi News - वाराणसी में नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही से चेतमणि चौराहा से भुवनिया पोखरी मार्ग की स्थिति गंभीर है। एक सप्ताह पहले गुरुधाम से रामचंद्र शुक्ल चौराहा तक सड़क का पैचवर्क किया गया था, लेकिन इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है। अधिकारी आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम के सामान्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और संवेदनहीनता चेतमणि चौराहा से भुवनिया पोखरी मार्ग पर देखी जा सकती है। करीब एक सप्ताह पहले नगर निगम ने गुरुधाम से रामचंद्र शुक्ल चौराहा तक सड़क के दोनों तरफ पैचवर्क किया था। जबकि इसके नजदीक ही चेतमणि चौराहा से भुवनिया पोखरी मार्ग पर काम नहीं कराया गया। एक ही जोन और अभियंताओं के अधिकार क्षेत्र के बाद भी निगम के अधिकारी केवल फाइलों में ही उलझे हुए हैं। उनको आमलोगों की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है। जिस संस्था से गुरुधाम से रामचंद्र शुक्ल चौराहा का पैचवर्क कराया गया, चेतमणि चौराहा से भुवनिया पोखरी मार्ग को भी गड्ढामुक्त किया जा सकता था, लेकिन छोटी-छोटी फाइलों में कमीशन का लालच ऐसा है, जो सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं होने दे रहा है।
अधिकतम दो दिन में यह सड़क मामूली खर्च पर समतल की जा सकती है लेकिन यह तो तब संभव है, जब अभियंता और अधिकारी आमलोगों की तकलीफों को समझें। दिसंबर में मुख्य अभियंता आरके सिंह ने इस सड़क का निरीक्षण किया था और जेई पंकज कुमार को फोन कर तत्काल सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया था। फिर भी दो माह बाद भी सड़क बदहाल है। इस मार्ग पर निजी अस्पताल, सीटी स्कैन-एमआरआई सेंटर, आवास-विकास और राज्य प्रदूषण विभाग का कार्यालय है। वहीं अहम संपर्क मार्ग होने के कारण काफी ज्यादा व्यस्त मार्ग है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




