हड़ताल - बैंकों पर लगे रहे ताले, 350 करोड़ का कारोबार ठप
Varanasi News - वाराणसी में ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की हड़ताल के कारण 380 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहा। लगभग 350 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ, और 35,000 से अधिक चेक और ड्राफ्ट का निस्तारण नहीं हो सका। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन भी किया।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। श्रमिक संगठनों के आह्वान पर ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की हड़ताल के चलते गुरुवार को जिले की 380 से अधिक बैंक शाखाओं और एलआईसी कार्यालयों में कामकाज ठप रहा। हड़ताल के कारण लगभग 350 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ। करीब 35 हजार से अधिक चेक और ड्राफ्ट का निस्तारण नहीं हो सका। हालांकि स्टेट बैंक आफ इंडिया के कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं थे। हड़ताल के दौरान बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक कार्यालय पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय महासचिव अनंत मिश्र ने कहा कि बैंकों में सरकार की हिस्सेदारी का विनिवेश न किया जाए और आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। हड़ताली कर्मचारियों ने कचहरी, मकबूल आलम रोड, नदेसर समेत अन्य क्षेत्रों में स्थित निजी बैंक शाखाओं में भी तालाबंदी कराई। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीईएफआई यूनियन के साथ एलआईसी और बीमा क्षेत्र की यूनियनें भी हड़ताल में शामिल रहीं। इस दौरान एसके सेठ, सुशील गुप्ता, विवेक गुप्ता और रोहित श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित किया। प्रदर्शन में अर्चना, दीपिका, राकेश शर्मा, मनोज कुमार, वीरू, संदीप, संतोष, अरविंद, अजय, अभय, प्रतीक, शिव कुमार, प्रमोद, परमानंद और राकेश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने निकाला बाइक जुलूस उत्तर प्रदेश बैंक एम्प्लॉइज यूनियन (यूपीबीईयू) के बैनर तले सुबह से सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने बाइक जुलूस निकाला। रैली कैंटोंमेंट स्थित पंजाब नैशनल बैंक के मंडल कार्यालय पर सभा में बदल गई। यहां जोरदार प्रदर्शन किया। उसके पश्चात विभिन्न बैंकों की शाखाओं पर नारेबाजी करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा और नदेसर स्थित इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय पर घंटों अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। नदेसर स्थित इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय पर भी 250 से अधिक बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन किया। अनिश्चतकालीन हड़ताल की चेतावनी शाम को नदेसर स्थित इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय में प्रदर्शन सभा में यूपीबीईयू वाराणसी इकाई के सहायक महामंत्री और यूपी बैंक इंप्लाइज़ यूनियन वाराणसी इकाई के मंत्री संजय शर्मा, अध्यक्ष आरबी चौबे ने कहा की बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों की एकजुटता के बाद भी अगर सरकार ने मांगे पूरी नहीं की तो हम अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। आशीष श्रीवास्तव, जितेंद्र सोनकर, आनंद कुमार,विनय गुप्ता, प्रमोद सिंह, प्रमोद द्विवेदी, वर्तिका सोनी , आरती दुबे बंशी लाल,मनोज पांडे, बनारसी यादव, सत्तन ,गुड्डू, सुधीर सिंह मौजूद थे। एलआईसी कार्यालयों में भी काम प्रभावित देशव्यापी हड़ताल का एलआईसी कर्मचारियों ने भी समर्थन किया। भेलुपूरा वाराणसी के प्रांगण में कर्मचारी नेता कामरेड नारायण चटर्जी और सुमंत कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। दिन भर गेट को घेर कर नारेबाजी, प्रदर्शन किया गया। इससे एलआईसी वाराणसी मंडल के कैश क्लेक्शन शून्य रहा तथा लगभग तीन करोड़ का कारोबार ठप रहा। प्रदर्शन में महामंत्री सुमंत कुमार, वीके सिंह, पंकज गुप्ता, संगीता गुप्ता, आरती श्रीवास्तव, रीता, डी सी सिंह, राजेश उपाध्याय, रामजी, बिनोद श्रीवास्तव, शैलेन्द्र मेहरोत्रा, जितेंद्र कुमार, भानू प्रताप मौजूद थे। कर्मचारियों की ये है मांगे -बैंकों में कर्मचारी कैडर में पर्याप्त भर्ती हो। -बैंकों में सरकार की हिस्सेदारी न बेची जाए। -आउटसोर्सिंग न किया जाए। -निजीकरण को रोका जाए। -श्रम कानूनों में कर्मचारियों के हितों की अनदेखी न किया जाए। -अनुलाभों में उचित वृद्धि -एनपीए वसूली के लिए कड़े नियम बनाए जाएं। -राष्ट्र के बैंक जनता को विभिन्न शुल्क में रियायत दें। -सभी निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया जाए -पुरानी फिक्स पेंशन व्यवस्था लागू की जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


