सर्विसेज, रेलवे, पंजाब और केरल अंतिम चार में

Jan 10, 2026 02:30 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share Share
Follow Us on

Varanasi News - नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पुरुष वर्ग में सर्विसेज, रेलवे, पंजाब और केरल ने जगह बनाई। महिला वर्ग में केरल, हरियाणा, राजस्थान और रेलवे ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। केरल ने यूपी की महिला टीम को सीधे सेटों में 3-0 से हराया।

सर्विसेज, रेलवे, पंजाब और केरल अंतिम चार में

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की सेमीफाइनल लाइनअप शुक्रवार को तय हो गई। पुरुष वर्ग में सर्विसेज, रेलवे, पंजाब और केरल ने अंतिम चार में स्थान बना लिया। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में क्वार्टर फाइनल के मुकाबले शुक्रवार की रात 10.30 बजे तक चले। सर्विसेज और राजस्थान के बीच मुकाबले को छोड़ दें तो अन्य तीन मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मौजूदा चैंपियन राजस्थान की टीम खिताब नहीं बचा सकी और प्रतियोगिता के बाहर हो गई। पुरुष वर्ग में पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरियाणा और भारतीय रेलवे की टीमें भिड़ीं।

यह मुकाबला रेलवे ने 3-1 (25-20, 25-17, 22-25, 25-23) से जीता। पहला और दूसरा सेट रेलवे ने आसानी से जीत लिया। तीसरे सेट में हरियाणा ने वापसी करते हुए 25-22 से जीत दर्ज कर रोमांच थोड़ा बढ़ा दिया। चौथे सेट में भी कड़ी टक्कर रही। 11-11 के स्कोर से लेकर 23-23 के स्कोर तक कभी हरियाणा तो कभी रेलवे की टीम आगे बढ़ती रही, स्कोर बराबर होता रहा। अंतिम समय में हरियाणा की गलती से रेलवे को दो अंक मिले। इस तरह चौथा सेट रेलवे ने 25-23 से जीता। दूसरा क्वार्टर फाइनल सर्विसेज और राजस्थान के बीच खेला गया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद थी। हालांकि सर्विसेज की टीम हर मोर्चे पर भारी दिखी। यह मुकाबला सर्विसेज ने 3-0 (25-17, 25-12, 25-23) से जीता। पहले के दो सेट हारने के बाद राजस्थान ने वापसी की कोशिश की। तीसरे सेट में राजस्थान की टीम ने प्रयास किया लेकिन 2 अंक से हार का सामना करना पड़ा। तीसरा क्वार्टर फाइनल पंजाब बनाम झारखंड हुआ। झारखंड की टीम शुरू से ही बेहतर मानी जा रही थी। पहले सेट में झारखंड ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद पंजाब के खिलाड़ियों ने वापसी की। आगे के तीनों सेट बड़े अंतर से जीता। इस तरह पंजाब ने झारखंड को 3-1 (19-25, 25-19, 25-13, 25-14) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आखिरी समय तक चले रोमांच में केरल विजेता इनडोर हॉल के कोर्ट नंबर एक पर पुरुषों का चौथा क्वार्टर फाइनल तमिलनाडु और केरल के बीच हुआ। कांटे की टक्कर के मैच का रोमांच आखिरी समय तक चला। पहला सेट केरल हार गई। इसके बाद दूसरे सेट में जबरदस्त तरीके से वापसी की। तीसरे सेट में फिर से केरल हार गई। चौथे सेट में पुन: वापसी की। इस तरह स्कोर 2-2 हो गया। निर्णय के लिए पांचवां सेट खेला गया। इस सेट में केरल ने पूरी ताकत झोंक दी और इसे 15-9 से अपने नाम किया।। इस तरह केरल ने तमिलनाडु को 3-2 (24-26 25-23, 21-25, 25-23, 15-9) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मैच रात 8.30 बजे से शुरू होकर 10:45 बजे तक चला। ------------- महिला : केरल, हरियाणा, राजस्थान और रेलवे सेमीफाइनल में वाराणसी। इनडोर हॉल के दूसरे कोर्ट पर महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। रात तक चले चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में केरल, हरियाणा, राजस्थान और भारतीय रेलवे की टीमों ने जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले क्वार्टर फाइनल में मेजबान यूपी को केरल के हाथों हार का सामना करना पड़ा। केरल ने 3-0 (25-10,25-20,25-18) से जीत दर्ज की। दूसरे क्वार्टर फाइनल का मुकाबला भी लगभग एकतरफा रहा। इसमें हरियाणा ने पश्चिम बंगाल को 3-0 (25-16, 25-22, 25-19) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेट में प. बंगाल ने वापसी की कोशिश की लेकिन नाकाम रही। तीसरे क्वार्टर फाइनल में राजस्थान ने चंडीगढ़ को कड़े मुकाबले में 3-1 (25-9, 25-19, 23-25, 25-22) से पराजित किया। पहला और दूसरा सेट राजस्थान ने जीता। तीसरे सेट में चंडीगढ़ ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की। स्कोर 2-1 हो गया। इसके बाद चौथे सेट में पुन: राजस्थान की लड़कियों ने 25-22 से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे ने तमिलनाडु को कड़े मुकाबले में 3-1 (25-16, 25-22, 22-25, 25-22) से हराया। यह मुकाबला दो घंटे तक चला। पहला सेट रेलवे ने आसानी से 25-16 से जीत लिया। दूसरा सेट भी कड़े मुकाबले के बाद रेलवे ने 25-22 से जीता। तीसरे सेट में तमिलनाडु ने वापसी की। तीसरा सेट जीतने के बाद निर्णायक चौथा सेट खेला गया। आखिरी सेट में नेक टु नेक फाइट चली। हालांकि इसे रेलवे ने 25-22 से जीत लिया। इस तरह रेलवे ने जीत दर्ज की। महिला : केरल ने रोका यूपी का विजय रथ वाराणसी। इनडोर हॉल के कोर्ट नंबर दो पर शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में यूपी की महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा। लगातार पांच बार से सीनियर नेशनल का खिताब जीत रही केरल की मजबूत टीम ने यूपी को सीधे सेटों में 3-0 से हरा दिया। दूसरे और तीसरे सेट में यूपी की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जीतने में नाकाम रही। पहले सेट में केरल ने 25-10 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। दूसरे सेट में यूपी ने वापसी की कोशिश की। बीच में यूपी ने 1 से 3 अंक तक बढ़त भी बना ली थी, लेकिन केरल ने पलटवार करते हुए दूसरा सेट 25-20 से जीत लिया। 2-0 से पीछे हुई यूपी ने तीसरे सेट में पूरा जोर लगाया। एक समय स्कोर बराबरी पर आने के बाद यूपी के पक्ष में आता दिखा, लेकिन केरल ने बेहतरीन खेल दिखाया। खासतौर से यूपी की खिलाड़ियों के गैप के बीच ड्रॉप और तेज शॉट के जरिए अंक बनाए। आखिरी सेट केरल ने 25-18 से जीता। नेट पर अन्ना और कप्तान अनुश्री ने उत्तर प्रदेश के आक्रमण को ब्लॉक करने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह केरल ने उत्तर प्रदेश को सीधे सेटों में 3-0 (25-10, 25-20, 25-18) से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस हार के साथ यूपी की महिला टीम का भी सफर समाप्त हो गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;