Varanasi News: सारंगी-बांसुरी की मधुर ध्वनि ने की रसवर्षा
Varanasi News: वाराणसी में कला प्रकाश द्वारा आयोजित 'संवाद' संगीत श्रृंखला में सारंगी वादक संदीप मिश्र और बांसुरी वादक डॉ. अतुल शंकर ने अद्भुत प्रस्तुति दी। राग मेघ, मिश्र खमाज की धुनों में उन्होंने संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Varanasi News: वाराणसी, मुख्य संवाददाता। कला प्रकाश की ओर से बुधवार को अस्सी स्थित होटल गैंजेस व्यू में सांगीतिक शृंखला ‘संवाद’ में बांसुरी और सारंगी की युगलबंदी हुई। बनारस घराने के सारंगी वादक संदीप मिश्र तथा बांसुरी वादक डॉ.अतुल शंकर ने मधुर प्रस्तुति दी। वर्षा ऋतु के राग मेघ के साथ कलाकार द्वय ने वादन प्रारंभ किया। झपताल एवं द्रुत तीनताल की बंदिशों की गायिकी अंग से सुंदर प्रस्तुति दी। इसके बाद राग मिश्र खमाज में कजरी ‘हमरे सांवरिया नहीं आए सजनी छाई घटा घनघोर’ की धुन से आनंदित किया। समापन भी कजरी ‘घेरि घेरि आई सावन की बदरिया’ की धुन से किया।
तबला पर मुंबई के आशीष बिस्वास ने संगत की। कार्यक्रम के पूर्व अभिजित अग्रवाल तथा शशांक नारायण सिंह ने कलाकारों का स्वागत किया। संयोजन डॉ.आशीष अग्रवाल एवं धन्यवाद ज्ञापन अशोक कपूर ने किया। कार्यक्रम में पं.अनूप मिश्र, हेमांग अग्रवाल, पं रवींद्र नारायण गोस्वामी, जेएन गोस्वामी, सुरेश नायर सहित बड़ी संख्या में संगीत रसिक उपस्थित रहे।


