Varanasi News: एक दिन पहले के विवाद में सिर पर पटिया पटककर हत्या
Varanasi News: वाराणसी, नवापुरा में साड़ी पर कढ़ाई करने वाले 42 वर्षीय रवि चौहान उर्फ पप्पू की हत्या कर दी गई। आरोपी मो. ताजिम ने पत्थर से हमला किया और बाद में पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई। ताजिम को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के दौरान दो अन्य लोग भी घायल हुए।
Varanasi News: वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। नवापुरा (आदमपुर) में शुक्रवार देर रात साड़ी पर कढ़ाई करने वाले कारीगर 42 वर्षीय रवि चौहान उर्फ पप्पू के सिर पर पटिया पटककर हत्या कर दी गई। पटिया और ईंट के वार से दो अन्य जख्मी हो गए। घटना में पुलिस ने मोहल्ले के ही 28 वर्षीय मो. ताजिम को गिरफ्तार किया है। कत्ल के लिए इस्तेमाल पत्थर की बरामदगी के दौरान काशी स्टेशन के पास आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की चलाई गोली से वह जख्मी हो गया। उसने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले पप्पू और अन्य दो ने उसके साथ मारपीट की थी। नवापुरा मोहल्ले में 42 वर्षीय रवि चौहान उर्फ पप्पू, 55 वर्षीय गणेशू कन्नौजिया और 60 वर्षीय अशोक पासवान उर्फ बाबाजी का मकान है। रवि चौहान साड़ी पर कढ़ाई करता था। जबकि गणेशू कपड़े प्रेस करता है। अशोक की पान की दुकान है। पप्पू जिस दुकान में काम करता है, उसी के पीछे मो. ताजिम का मकान है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी और घायलों से पूछताछ और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। पूछताछ में सामने आया कि मो. ताजिम गुरुवार शाम को मोहल्ले से गुजर रहा था। एक दुकान पर रवि चाय पी रहा था। इस दौरान ताजिम और रवि चौहान आपस में टकरा गए। दोनों में इसे लेकर कहासुनी के बीच मारपीट हो गई। पास खड़े चाय विक्रेता अशोक पासवान ने बीच-बचाव करते हुए ताजिम को डांटकर भगा दिया। घटना के बाद धमकी देते हुए ताजिम वहां से चला गया। रात में ताजिम घर से निकल गया। शराब पीकर वहीं आसपास नजर बनाए हुए था। रात करीब ढाई बजे वह नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में घुसा। सबसे पहले चबूतरे पर सो रहे अशोक पासवान के सिर पर पटिया पटकी। इसके चंद कदम दूरी पर दुकान का शटर खोलकर अंदर सो रहे रवि चौहान के सिर पर दो बार पटिया पटकी।
जांच और गिरफ्तारी
करीब 100 मीटर आगे बाहर सो रहे गणेशू की नींद चीख सुनकर खुल गई। वह घटनास्थल की ओर जाने वाला था कि ताजिम वहां पहुंच गया और ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दिया। वह पुलिस चौकी के सामने से भाग गया। सुबह सूचना मिलते ही आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घायल अशोक पासवान का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार आरोपी मो. ताजिम ने हत्या के बाद घटना में प्रयुक्त पटिया काशी रेलवे स्टेशन के मालगोदाम की झाड़ियों में छिपा दिया था। गिरफ्तारी के बाद ताजिम को लेकर आदमपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पटिया बरामद कराने निकली थी। राजघाट पिकेट के पास आरोपी ने जीप में बैठे पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने टीम पर दो राउंड फायर किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा, क्राइम ब्रांच प्रभारी गौरव सिंह, कांस्टेबल आलोक मौर्या आदि थे।
सूरत भागने के फिराक में था आरोपी
आरोपी मो. ताजिम तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। वह और उसका परिवार भी साड़ी की कारीगरी से काम से जुड़ा है। सूरत में परिवार ने किराये का मकान लिया है, वहीं परिवार के सदस्य काम करते हैं। ताजिम सूरत से गुरुवार को ही दोपहर में वाराणसी लौटा था। विवाद के बाद रात में घटना कर दी। सुबह अपने पिता से कहा कि सभी लोगों को सूरत चलना चाहिए। कहा कि वह सूरत निकलेगा। इस बीच पुलिस ने पहचान करते हुए उसे मोहल्ले से ही गिरफ्तार कर लिया।
पिता को भी चाकू लेकर दौड़ाया था
पूछताछ में सामने आया कि ताजिम सनकी है। अक्सर ही लोगों से विवाद करता रहता है। 15 दिन पहले ही पिता को चाकू लेकर दौड़ा लिया था। डांट-फटकार के बाद सूरत वाले किराये के मकान पर भाग गया था। पुलिस के अनुसार वह परिजनों और मोहल्ले में अक्सर विवाद करता रहता था। मारपीट के कारण ही उसकी पत्नी मायके चली गई है। दो माह पहले ही उसकी शादी हुई है। उधर रवि चौहान उर्फ पप्पू ने शादी नहीं की थी। वह अपने भाई के परिवार के साथ नवापुरा मोहल्ले में रहता था.


