पानी का पाइप बिछा नहीं, टैक्स 87 हजार
Varanasi News - वाराणसी में नगर निगम के कैंप में लोग जलकर के भारी बिलों से परेशान हैं। कई निवासियों ने कहा कि उनके घर में पानी का कनेक्शन नहीं है फिर भी उन्हें ऊंचे बिल भेजे गए हैं। नगर निगम के अधिकारी लोगों को आश्वासन दे रहे हैं कि वे जल्द ही जांच करेंगे और बिलों में सुधार करेंगे।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। मंगलवार का दिन। सुबह के 11 बजकर 55 मिनट हो रहे हैं। पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग पर चौरा माता मंदिर के सामने राय साहब के बगीचे के पास नगर निगम का कैंप लगा है। गहमागहमी का माहौल। जलकर के भारी-भरकम बिल से परेशान लोगों की पेशानी पर बल साफ दिख रहे हैं। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी डटे हैं। कर निरीक्षक कैलाश मौर्या को लोग अपने आवेदन दे रहे हैं। इसके बदले उन्हें जांच कराने का आश्वासन मिल रहा है। इसी बीच दौलतपुर निवासी सरोज देवी ने नगर निगम की टीम से कहा मेरे यहां पानी का पाइप ही नहीं बिछा है, घर के पास कुएं से पानी लाते हैं साहब, लेकिन विभाग ने 87 हजार रुपये का पानी का टैक्स भरने को कहा है।
उन्होंने अपनी बात जारी रखी। कहा-पहले तो विभाग से कोई बिल नहीं आया अब 36 हजार रुपये ब्याज भी भरना है। हम लोग कहां से इतना पैसा भर पाएंगे? हमारी गलती क्या है? इस सवाल पर कर निरीक्षक और अन्य निगमकर्मी एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। सरोज देवी ने फिर सवाल किया लेकिन जवाब किसी के पास था ही नहीं। सो, मिला भी नहीं। भीड़ के बीच से नई बस्ती निवासी योगेंद्र अफसरों तक पहुंचे। कहा, मेरे यहां सात साल से पानी का कनेक्शन है लेकिन जलकल विभाग ने कभी बिल नहीं भेजा। अब अचानक नौ हजार का बिल आया है। कैंप में मौजूद लोगों ने तंज कसा कि नगर निगम के अधिकारी भी क्या कमाल करते हैं जहां पानी नहीं देते वहां 87 हजार की नोटिस भेज देते हैं, जहां पानी आता है वहां बिल नहीं भेजते और नौ हजार रुपया मांगते हैं? पाण्डेयपुर कैंप में कुल 30 शिकायतें आईं। पांडेयपुर, दौलतपुर, छोटा लालपुर, खजुरी, नई बस्ती में रहने वाले लोगों ने पीला कार्ड और बिल की फोटोकॉपी के साथ आवेदन जमा किया। निगम की टीम ने सभी को जल्द जलकल से जांच कराकर सौ मीटर के दायरे के नियमों के तहत बिल को सुधारने का आश्वासन दिया। जब लोगों ने हजारों रुपये के ब्याज के औचित्य पर सवाल उठाया तो कर्मचारियों ने कहा कि इसके लिए उच्चाधिकारियों से आपलोगों को मिलना चाहिए। बातचीत जबसे 87,626 रुपये का नोटिस नगर निगम से मिला है, हमलोगों की चिंता बढ़ गई है। इसमें 36,396 रुपये ब्याज है। समझ में नहीं आ रहा है हमारा गुनाह क्या है? सरोज देवी, दौलतपुर हमारा लड़का हर साल 154 रुपया घर का टैक्स भरता है। लेकिन कुछ दिन पहले 43,962 रुपये का नोटिस आ गया है। बेटा बढ़ई है भैया, बहुत गरीब हैं हमलोग इतना पैसा नहीं दे पाएंगे। हीरावती, पांडेयपुर मेरा गृहकर 477 रुपये है, पानी का कनेक्शन है लेकिन बिल नहीं आता है। अचानक 31,509 जलकर का नोटिस भेजा गया है। इसमें 10,709 रुपया ब्याज है। अशोक कुमार, पांडेयपुर मेरा गृहकर 199 रुपये है, समय से हमलोग भर देते हैं। पता नहीं कहां से पानी का टैक्स आ गया वह भी 51,281 रुपया। हमारी तो क्षमता ही नहीं है इतना पैसा भरने की। मंजू देवी, पांडेयपुर ‘हिन्दुस्तान’ ने प्रमुखता से उठाई समस्या आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के ‘बोले काशी’ अंक में 10 दिसंबर को ‘पेयजल का पता नहीं, बिल आता हजारों में’ शीर्षक से रमरेपुर वार्ड की सुदामानगर कॉलोनी के लोगों की पीड़ा को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। जिसके बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस कॉलोनी के अलावा अन्य जगहों पर भी इस तरह कैंप लगाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को सुदामानगर में पहला कैंप लगाया गया था। जिसमें लोगों को एक सप्ताह में जांच कर बिल में सुधार का आश्वासन दिया गया है। बड़ी पटिया, बड़ी बाजार, आशापुर में कैंप आज जलकर, गृहकर, सीवरकर के बिलों की विसंगतियों के निस्तारण के लिए नगर निगम बुधवार को आशापुर में बौलिया बाबा कॉलोनी में स्थित मंदिर के पास सुबह 11 बजे से कैंप लगाया जाएगा। वहीं बड़ी पटिया में (राम जानकी मंदिर गुरुधाम से हनुमाननगर मार्ग पर) सुबह 10 बजे से कैंप लगाया जाएगा। वहीं बड़ी बाजार में माता प्रसाद स्कूल के पास सुबह 10 बजे कैंप लगेगा। तारीख स्थान 18 दिसंबर तुलसीपुर में नवोदय विद्यालय, आदमपुर में ख्वाजापुर मैदान 19 दिसंबर बजरडीहा पुलिस चौकी के पास, नाटी इमली मैदान 20 दिसंबर मकदूम बाबा क्षेत्र, आलमपुरा मैदान 22 दिसंबर राम जानकी मंदिर गुरुधाम, जलालीपुरा में लाल कुआं 23 दिसंबर तुलसीपुर में ताराधाम कॉलोनी, प्रहलाद घाट में विनोद बाजार 24 दिसंबर बजरडीहा में नूर नगर, विजयीपुरा में बड़ी मस्जिद के पास 26 दिसंबर बजरडीहा में जज कॉलोनी 27 दिसंबर बजरडीहा में मकदूम बाबा क्षेत्र 29 दिसंबर बजरडीहा में धरारा ऑटो स्टैण्ड के पास, जैतपुरा में आजाद पार्क 30 दिसंबर बजरडीहा में तेलियाना चौराहा, सरैया में हाजी कटरा 02 जनवरी पुलिस चौकी सरैया (भाकर चाय वाले के पास) 05 जनवरी छोहरा के पास आरिफ मस्जिद 06 जनवरी पठानी टोला तिराहा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




