शाम से रात तक जाम में जकड़े रहे कई इलाके
वैवाहिक आयोजनों और सरस्वती प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राओं के कारण शहर के सभी इलाकों के मुख्य मार्ग शाम को जाम की चपेट में रहे। बाइक सवार तो जैसे-तैसे...

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता।
वैवाहिक आयोजनों और सरस्वती प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राओं के कारण शहर के सभी इलाकों के मुख्य मार्ग शाम को जाम की चपेट में रहे। बाइक सवार तो जैसे-तैसे निकलते रहे। चार पहिया वाहन और सवारी वाहनों को एक से दो किमी की दूरी तय करने में आधे घंटे तक लग गये।
पहड़िया मंडी से चौकाघाट फ्लाईओवर तक दोपहर साढ़े तीन बजे दोनों लेन में वाहनों की कतार लगी रही। चार पहिया वाहनों को मंडी के गेट से फ्लाईओवर तक पहुंचने में 20 मिनट लग गये। इधर कैंट से अंधरापुल, अंधरापुल से चौकाघाट चौराहे पर भी यही स्थिति थी। लंका, सामनेघाट, नरिया, भिखारीपुर चौराहा, लहरतारा, नई सड़क, गोदौलिया, विश्वेश्वरगंज, सोनारपुरा, सारनाथ में रात तक जाम लगा रहा। दोपहर करीब तीन बजे से सड़कों पर दबाव बढ़ा, इसके बाद जाम लगता गया।
बीच रास्ते कार खराब, लगा जाम
वाराणसी। लंका सामनेघाट पर नगवा चुंगी के समीप कार बीच सड़क खराब हो गई। चालक वाहन छोड़कर मैकेनिक को लाने चला गया। इसके बाद नगवा, लंका और सामनेघाट मार्ग पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से वाहन हटवाया। इसके बाद जाम जाम खत्म हुआ।