ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसीतिरंगा को जनांदोलन बनाने से भारत बनेगा विश्वगुरु : केशव

तिरंगा को जनांदोलन बनाने से भारत बनेगा विश्वगुरु : केशव

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत के शहीदों और जांबाज जवानों को समर्पित है। तिरंगा को जनांदोलन बनाने से...

तिरंगा को जनांदोलन बनाने से भारत बनेगा विश्वगुरु : केशव
हिन्दुस्तान टीम,वाराणसीThu, 11 Aug 2022 01:40 AM
ऐप पर पढ़ें

वाराणसी, हिन्दुस्तान टीम

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत के शहीदों और जांबाज जवानों को समर्पित है। तिरंगा को जनांदोलन बनाने से भारत विश्वगुरु बनेगा। पीएम मोदी और सीएम योगी ने अमीरी-गरीबी के भेदभाव को मिटाया है। डिप्टी सीएम ने बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद आराजी लाइन ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों को जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का निर्देश दिया।

शिशुओं का अन्नप्राशन, महिलाओं की गोदभराई

आराजी लाइन ब्लॉक में केशव प्रसाद मौर्य ने तीन शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। छह महिलाओं की गोदभराई की। उन्होंने युवक मंगल दल के ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह वर्मा से घर-घर तिरंगा झंडा वितरण करने को कहा। ब्लॉक मुख्यालय पर लगे स्टॉलों पर प्री एजुकेशन किट, वजन संबंधी उपकरण, तिरंगा, बैग, पर्स, साड़ी और पुष्टाहार से निर्मित व्यंजनों को देखा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से बात की। शिकायत निस्तारण की हकीकत जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लिया। इस मौके पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, कौशलेंद्र सिंह, अद के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल, उपायुक्त (स्वत: रोजगार) दिलीप कुमार सोनकर, बीडीओ विजय कुमार जायसवाल, सीडीपीओ मनोज गौतम, महेंद्र सिंह पटेल आदि मौजूद थे।

इनसेट

अमृत सरोवरों के किनारे फलदार पौधे रोपें

डिप्टी सीएम ने सेवापुरी ब्लॉक के चौखंडी व ठठरा में बने अमृत सरोवरों के किनारे फलदार और छायादार पौधे लगाने के साथ सीमेंटेड बेंच की व्यवस्था करने को कहा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ठठरा में तिरंगा वितरण किया। इस मौके पर सेवापुरी के विधायक नीलरतन पटेल नीलू, पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह, यतीश तिवारी, सुनील बिंद, सुरेन्द्र सिंह, अशोक सिंह, नरेंद्र तिवारी, दिनेश तिवारी, रमेश सिंह, सियाराम केशरी, सुरेन्द्र बिंद, अरुण तिवारी, अरविन्द सिंह पटेल आदि रहे।

इनसेट

डिप्टी सीएम के सामने महिला ने बच्चे को लेटाया

ठठरा में कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम जब गाड़ी में बैठने को हुए तो कछवां रोड क्षेत्र की एक महिला ने अपने गोद लिए बच्चे को उनके सामने लेटा दिया। उसका आरोप था कि जेठ लगने वाले पड़ोसी ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया, धमकी देकर दुराचार करता रहा। पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने पुलिस को केस दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें