तस्करी का आरोपी मनोज बेटे लक्ष्य संग गिरफ्तार
Varanasi News - वाराणसी में कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी में पुलिस ने शुभम जायसवाल के खास सहयोगी मनोज यादव और उसके बेटे लक्ष्य को गिरफ्तार किया। दोनों पर अवैध भंडारण और तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इन्हें सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया, जबकि मनोज की संपत्ति पहले ही फ्रीज की जा चुकी है।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात सरगना शुभम जायसवाल के खास मनोज यादव और उसके बेटे लक्ष्य को टेंगरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और एसआईटी टीम रातभर पूछताछ करती रही। दोनों को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा। कफ सिरप तस्करी में कोतवाली थाने में 15 नवंबर को दर्ज मुकदमे में औसानगंज (जैतपुरा) निवासी मनोज यादव भी आरोपी है। वहीं सूजाबाद में 9 दिसंबर को मिले सिरप के अवैध भंडारण में मनोज तथा उसके पुत्र लक्ष्य पर रामनगर पुलिस ने केस दर्ज किया था। इसके बाद से दोनों फरार थे।
बताते हैं कि दोनों कोलकाता में छिपे थे। पुलिस के अनुसार दोनों अपने केस के सिलसिले में ही वाराणसी आ रहे थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि बीते मंगलवार को ही कोतवाली पुलिस ने सफेमा ट्रिब्यूनल के आदेश के क्रम में मनोज यादव की 12.53 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की थी। वहीं 1 करोड़ से अधिक के दो प्लाट ऐसे भी फ्रीज किए गए, जिसके संयुक्त मालिक मनोज यादव और शुभम के पिता भोला प्रसाद हैं। शुभम के हवाला के रुपये मनोज यादव अपने एलएमएस इंफ्रा प्रा.लि., सिंडीकेट इंटरप्राइजेज के अलावा अन्य दूसरी बोगस फर्म में जमा कराता था। काले धन को सफेद कराता था। खुद भी न्यू फेंसीडिल कफ सिरप की खरीद-बिक्री कागजों पर करता था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



