
महाराष्ट्र ओवरआल चैंपियन, झारखंड दूसरे नंबर पर
Varanasi News - वाराणसी में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। महाराष्ट्र ने 13 पदकों के साथ ओवरआल चैंपियनशिप जीती, जबकि झारखंड और बिहार क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बड़ालालपुर क्रीड़ा संकुल में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार शाम हुआ। प्रतियोगिता में 13 पदकों के साथ महाराष्ट्र की टीम ओवरआल चैंपियन बनी, जबकि 10 पदक के साथ झारखंड दूसरे नंबर पर, चार पदक के साथ बिहार की टीम तृतीय रही। महाराष्ट्र की टीम ने छह स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक जीते। झारखंड की टीम ने पांच स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक जीते। बिहार की टीम ने चार स्वर्ण पदक जीते। रिकर्व स्पर्धा में बिहार के नमन प्रभाकर व्यक्तिगत चैंपियन बने। इसी स्पर्धा में झारखंड की खुशी कुमारी व्यक्तिगत चैंपियन बनीं।

इंडियन राउंड के बालक वर्ग में बिहार के आदर्श कुमार व्यक्तिगत चैंपियन बने। बालिका वर्ग में झारखंड की बेबी कुमारी चैंपियन बनीं। कंपाउंड स्पर्धा के बालक वर्ग में महाराष्ट्र के आदर्श राजेंद्र व्यक्तिगत चैंपियन बने। बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की प्रांजल चैंपियन बनीं। उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र राणा और चीफ रेफरी बलराम कृष्ण यादव की देखरेख में 100 टारगेट पर यह प्रतियोगिता खेली गई। मुख्य अतिथि यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की अध्यक्ष डॉ. आशा सिंह और संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश सिंह ने तीरंदाजों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किया। प्रतियोगिता के सह आयोजक डॉ. एके सिंह ने संचालन किया। प्रतियोगिता के दौरान तीन ओलंपियन संजीव कुमार सिंह, सत्यदेव प्रसाद और सुमंगला शर्मा तीनों दिन मैदान में रहे। युवा खिलाड़ियों को कई अहम टिप्स दिए। यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का तीरंदाज किस प्रकार से बनते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




