इसरो आउटरीच प्रोग्राम में यूपी कॉलेज बना नोडल केंद्र

हिन्दुस्तान, वाराणसी
Follow us on Google News
share

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यूपी कॉलेज को भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (आईआईआरएस) द्वारा संचालित आउटरीच प्रोग्राम के लिए नोडल केंद्र के रूप में मान्यता दी है। यह कार्यक्रम आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करेगा और सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणपत्र मिलेगा।

इसरो आउटरीच प्रोग्राम में यूपी कॉलेज बना नोडल केंद्र

वाराणसी, हिन्दुस्तान संवाद। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अंतरिक्ष विभाग अंतर्गत भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (आईआईआरएस), देहरादून द्वारा संचालित आउटरीच प्रोग्राम में यूपी कॉलेज को नोडल केंद्र के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।यह कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से उपग्रह चित्रण, भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस), ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम, रिमोट सेंसिंग तथा भू-स्थानिक विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करता है। इसरो एवं आईआईआरएस के वैज्ञानिकों द्वारा लाइव व्याख्यान, प्रायोगिक प्रशिक्षण, उपग्रह डाटा अध्ययन, प्रश्नोत्तर सत्र, असाइनमेंट और ऑनलाइन मूल्यांकन कराया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणपत्र भी मिलेगा। कार्यक्रम भूगोल, पर्यावरण, कृषि, भू-विज्ञान, कंप्यूटर एवं सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषयों के स्नातक, परास्नातक विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा शिक्षकों के लिए उपयोगी होगा।

प्राचार्य प्रो धर्मेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार पाठ्यक्रम की अवधि एक सप्ताह से तीन माह तक निर्धारित है। पंजीकरण हेतु इच्छुक अभ्यर्थी elearning.iirs.gov.in अथवा edusatregistration पोर्टल पर यूपी कालेज को नोडल केंद्र चुनकर आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के नोडल केंद्र समन्वयक भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर विनीत कुमार राय हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।