वैदिक विज्ञान की अनछुई विधाओं से पर्दा उठाएंगे विद्वान
Varanasi News - बीएचयू में 16 से 18 मार्च तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दुनियाभर के विद्वान वैदिक विज्ञान की अनछुई विधाओं पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में यज्ञ विज्ञान, आयुर्विज्ञान, गणित, पर्यावरण विज्ञान आदि विषयों पर विचार विमर्श होगा। 200 प्रतिष्ठित विद्वान और वैज्ञानिक शामिल होंगे।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बीएचयू में दुनियाभर के विद्वान वैदिक विज्ञान की अनछुई विधाओं से पर्दा उठाएंगे। वैदिक विज्ञान केंद्र में तीन दिनी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 16 से 18 मार्च तक विद्वान वेदों में वर्णित विज्ञान की मीमांसा करेंगे। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में वैदिक विज्ञान केंद्र समन्वयक प्रो. विनय कुमार पांडेय, डॉ. विवेक पाठक और डॉ. धीरज कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी दी। प्रो. पांडेय ने बताया कि सम्मेलन में छह देशों के विद्वान विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। इसमें भारत के विभिन्न संस्थानों से 200 प्रतिष्ठित विद्वान, शिक्षाविद और वैज्ञानिक शामिल होंगे। विभिन्न सत्रों में यज्ञ विज्ञान, आयुर्विज्ञान, शब्दतत्व विज्ञान, गणित एवं भुवनकोश विज्ञान, पर्यावरण एवं जीवनदर्शन विज्ञान और विधि एवं प्रबंध विज्ञान पर चर्चा होगी।
आयोजन का उद्देश्य संपूर्ण वैदिक साहित्य में निहित ज्ञान के वैज्ञानिक अध्ययन और शोध का प्रसार करना और वेदों में निहित ज्ञानराशि से समाज को लाभान्वित करना है। 16 मार्च को उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक होंगे। 18 मार्च को समापन सत्र की अध्यक्षता कुलपति करेंगे। इसके मुख्य अतिथि विज्ञान भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार शर्मा और विशिष्ट अतिथि वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलपति प्रो. शिवशंकर मिश्र होंगे। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय से प्रो. श्याम नारायण लाभ और डॉ. नवीन कुमार झा, अमेरिका से प्रो. आलोक चतुर्वेदी, नासा के वैज्ञानिक डॉ. ओमप्रकाश पांडेय, डॉ. नवीन कुमार झा, यूके से डॉ. एच. लूसी गेस्ट, यूक्रेन से ताचेंको हन्ना आदि विद्वान शामिल होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


