
अगली पीढ़ी की सेंसर तकनीकी पर जुटे भारत-इटली के विशेषज्ञ
Varanasi News - आईआईटी बीएचयू के स्कूल ऑफ मैटेरियल्स साइंस ऐंड टेक्नोलॉजी में 'उभरते चुंबकीय भंडारण उपकरण और सेंसर' विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। भारत और इटली के वैज्ञानिकों ने चुंबकीय सामग्रियों और सेंसर प्रौद्योगिकी के विकास पर चर्चा की। कार्यशाला में विभिन्न विशेषज्ञों ने नवीनतम तकनीकों और उनके औद्योगिक उपयोगों पर विचार साझा किए।
वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। आईआईटी बीएचयू के स्कूल ऑफ मैटेरियल्स साइंस ऐंड टेक्नोलॉजी (एसएमएसटी) की तरफ से मंगलवार को ‘उभरते चुंबकीय भंडारण उपकरण और सेंसर’ विषय पर दो दिवसीय इंडो-इटली संयुक्त कार्यशाला शुरू हुई। आयोजन में भारत और इटली के प्रमुख वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्हांने चुंबकीय सामग्रियों तथा उन्नत सेंसर प्रौद्योगिकी के आधुनिक विकास पर विमर्श किया। पहले दिन इटली के डॉ. मीकेला क्यूपफरलिंग ने नेक्स्ट-जनरेशन सेंसर तकनीकों में चुंबकीय नैनोस्ट्रक्चर की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की। डॉ. ए. मैग्नी ने उभरती चुंबकीय घटनाओं से प्रेरित उन्नत मेमोरी आर्किटेक्चर पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। डॉ. विटोरियो बासो ने मैग्नेटो-मैकेनिकल सिस्टम्स के अत्याधुनिक विकास और उनके औद्योगिक उपयोग की संभावनाएं बताईं।
एसएमएसटी के संयोजक प्रो. चंदन उपाध्याय ने बताया कि इसमें अभिनव पद्धतियों और चुंबकीय सामग्रियों, नेक्स्ट-जनरेशन मेमोरी उपकरणों और उन्नत सेंसर तकनीकों के व्यावहारिक प्रयोगों पर चर्चा होगी। डीन फैकल्टी अफेयर्स प्रो. निलय कृष्ण मुखोपाध्याय ने कहा कि कार्यशाला चुंबकीय प्रौद्योगिकियों में हालिया प्रगतियों को समझने के लिए विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और युवा विद्वानों का एक मंच होगा। कार्यशाला संयोजक डॉ. श्रवण कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रो. प्रलय मैती, प्रो. चंदना रथ, प्रो. अखिलेश कुमार सिंह, प्रो. भोलानाथ पाल, प्रो. आशीष कुमार मिश्रा, प्रो. संजय सिंह, प्रो. निखिल कुमार, प्रो. रवि पंवार, प्रो. उदय शंकर, प्रो. शिवम वर्मा और प्रो. संदीप चटर्जी सहित कई संकाय सदस्यों ने भाग लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




