शिक्षा-संस्कार और अनुशासन से बनेगा विकसित भारत : राज्यपाल
Varanasi News - बीएचयू में 'भारत विमर्श' कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने शिक्षा और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने जिम्मेदारी और नैतिकता के विकास की बात की। युवाओं को नशामुक्ति के लिए सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बीएचयू के पं. दीनदयाल उपाध्याय चेयर के साथ काशियाना फाउंडेशन और दिवि वेलफेयर फाउंडेशन की तरफ से सोमवार को ‘भारत विमर्श’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता रहे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के मार्ग का अनुसरण कर बनेगा। केएन उडुपा सभागार में राज्यपाल से युवाओं को देश का भावी कर्णधार बताते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब समाज, परिवार और शिक्षण संस्थान मिलकर युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगे। अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्ति नहीं बल्कि समाज में जिम्मेदारी और नैतिक चेतना का विकास करना है।
दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन एवं इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. जगदीश राय ने विशिष्ट अतिथि पद से कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए शिक्षा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।पं. दीनदयाल उपाध्याय चेयर समन्वयक प्रो. तेज प्रताप सिंह ने कहा कि एकात्म मानववाद समाज को संतुलित और मानवीय विकास की दिशा देता है। दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज के सहायक प्रोफेसर और आईएबी यूएसए के विजिटिंग फेलो डॉ. सुनील कुमार मिश्र ने नशामुक्ति में परिवार, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों की भूमिका पर चर्चा की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य और काशियाना फाउंडेशन के संस्थापक सुमित अंकुर सिंह, भगवान दास फाउंडेशन के संस्थापक आशीष गुप्ता ने भी विचार रखे। दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक वीरभद्र सिंह ने अतिथियों, शिक्षाविदों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. सनत कुमार सिंह ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


