प्रदूषण से सांस के मरीजों की तकलीफ बढ़ी

Dec 16, 2025 02:19 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share

Varanasi News - वाराणसी में पिछले 15 दिनों से बढ़ते प्रदूषण का लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ा है। अस्पतालों में सांस और एलर्जी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित हवा से सांस की बीमारियों में वृद्धि हुई है। लोग सुबह दौड़ने से बचें और मास्क पहनकर बाहर निकलें।

प्रदूषण से सांस के मरीजों की तकलीफ बढ़ी

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। शहर में पिछले 15 दिनों से बढ़े प्रदूषण का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। हालात यह हैं कि अस्पतालों में सांस और एलर्जी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। चेस्ट फिजिशियन के पास सबसे ज्यादा एलर्जी, अस्थमा और सीओपीडी से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। कई पुराने मरीजों की दवाओं की डोज बढ़ानी पड़ रही है, जबकि कमजोर फेफड़े वाले बुजुर्गों को ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत भी पड़ रही है। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के चेस्ट एंड टीबी विभाग में प्रतिदिन करीब 350 मरीज परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि 15 दिन पहले तक यह संख्या करीब 250 थी।

इस समय फॉलोअप मरीजों की संख्या में अधिक इजाफा हुआ है। मरीजों को सांस लेने में दिक्कत, चलने पर सांस फूलना और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो रही हैं। वहीं मंडलीय और जिला अस्पताल में भी प्रतिदिन सौ से अधिक सांस के रोगी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी फिजिशियन के पास एलर्जी के मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। गले में खराश, नाक बंद होना, सूखी खांसी और सांस लेने में परेशानी लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। वरिष्ठ चेस्ट एंड टीबी विशेषज्ञ डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि इस समय एलर्जी के मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। पुराने अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले जिन मरीजों को कम एमजी की दवाओं से आराम मिल जाता था, अब प्रदूषण के कारण उनकी डोज बढ़ानी पड़ रही है। शिवपुर सीएचसी के चेस्ट फिजिशियन डॉ. अरुण यादव ने भी एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ने की पुष्टि की है। सांस की नली को कमजोर कर रहा प्रदूषण डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि दूषित हवा सांस की नली को कमजोर कर रही है। इस समय पीएम 2.5 का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। ये सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं और खून के माध्यम से पूरे शरीर में फैल रहे हैं, जिससे सांस की बीमारी के साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ रही हैं। सुबह दौड़ने से बचें, सावधानी से करें टहलना डॉ. अग्रवाल ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि सामान्य स्थिति में हम एक मिनट में 16 से 20 बार सांस लेते हैं, लेकिन दौड़ने पर सांस की गति बढ़ जाती है और अधिक मात्रा में प्रदूषित हवा शरीर में चली जाती है। उन्होंने सलाह दी कि इस समय सुबह दौड़ने से बचें। घर पर योग, व्यायाम और ध्यान करें। यदि टहलने जाना जरूरी हो तो मास्क पहनें, धीरे-धीरे चलें और सूरज निकलने के बाद ही बाहर निकलें। ------------------------------ ऑरेंज से येलो जोन पहुंची शहर की हवा वाराणसी। शहर में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 180 दर्ज किया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार हवा की गुणवत्ता ऑरेंज से येलो जोन में आ गई है। हालांकि यह अभी साफ नहीं है। सबसे खराब स्थिति अर्दली बाजार और मलदहिया क्षेत्र की है। दोनों क्षेत्र पिछले तीन दिनों ये ऑरेंज जोन में है। मलदहिया में एक्यूआई 207 दर्ज किया गया। पीएम 2.5 मानक से पांच गुना ज्यादा 291 और पीएम 161 तक पहुंच गया। वहीं अर्दली बाजार में एक्यूआई 204 दर्ज किया गया। यहां पर पीएम 2.5 छह गुना ज्यादा 437 और पीएम 2.5 दो गुना ज्यादा 243 दर्ज किया गया। इसके साथ ही भेलूपुर और बीएचयू यलो जोन में है। यहां पर एक्यूआई 167, 161 क्रमश: दर्ज किया गया। ---------------------------------- शुष्क मौसम के कारण आज भी रहेगा घना कोहरा वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम शुष्क रहने के कारण मंगलवार को भी घने कोहरा का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गलन बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आएगी। फिलहाल आगामी दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 22 से 25 और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा। इस कारण सूर्यास्त के बाद कोहरे और ठंड में इजाफा होगा। इससे पहले सोमवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। बाबतपुर स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार भोर में चार बजे दृश्यता 50 मीटर थी। सुबह नौ बजे के बाद सूरज की किरणों के साथ कोहरे का असर कम हुआ। दिन का तापमान 24 और रात का 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ------------------------------------- नौ फ्लाइटें रद्द, कई ट्रेनें विलम्बित वाराणसी, हिटी। घने कोहरे के कारण सोमवार को विमान और ट्रेन दोनों का परिचालन प्रभावित हुआ, जिससे एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट पर सुबह के समय नौ विमान निरस्त रहे, जबकि दिन में 11.12 बजे के बाद ही विमानों का परिचालन शुरू हो सका। एयर इंडिया एक्सप्रेस का शारजाह से आने वाला विमान 169 यात्रियों को लेकर अपने निर्धारित समय दोपहर 12 बजे से 48 मिनट पहले रनवे पर पहुंचा। वहीं, वंदे भारत जैसी सेमीहाइस्पीड ट्रेनें और एक दर्जन एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलम्बित रहीं। नई दिल्ली से आने वाली वंदे भारत ट्रेन दो घंटे देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची, जबकि वही ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब सवा घंटे देरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। फ्लाइटों के रद्द होने और ट्रेनों के विलम्बित चलने के कारण देसी और विदेशी यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह विमान रहे विलंबित बाबतपुर हवाई अड्डे पर सोमवार को एयरइंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली उड़ान 6 घंटे 10 मिनट, अकासा एयर की बेंगलुरु उड़ान 1 घंटे 40 मिनट, इंडिगो की भुवनेश्वर-वाराणसी उड़ान 1 घंटे 30 मिनट, इंडिगो की मुंबई उड़ान 1 घंटे 43 मिनट, स्पाइसजेट की हैदराबाद उड़ान 50 मिनट, इंडिगो की बेंगलुरु उड़ान 1 घंटे 25 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान 2 घंटे और स्पाइसजेट की दिल्ली उड़ान 3 घंटे की देरी से बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंची। इसके अलावा, स्पाइसजेट की पुणे उड़ान 4 घंटे 12 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान 2 घंटे 40 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह शाम की उड़ान 2 घंटे 20 मिनट और इंडिगो की कोलकाता उड़ान 1 घंटे 17 मिनट की देरी से पहुंची। नौ विमान रहे निरस्त: एयर इंडिया की दिल्ली, एयरइंडिया एक्सप्रेस की मुम्बई और दिल्ली, इंडिगो की खजुराहो, बेंगलुरु और दिल्ली के तीन विमान और अकासा मुंबई की फ्लाइट रद्द रही। यह ट्रेने रहीं विलम्बित: रांची वंदेभारत 1.27 घंटे, जनसाधारण एक्सप्रेस 3.01, डिब्रुगढ़-आनंद विहार स्पेशल 24.28, कोलकाता एक्सप्रेस 2.38, एलटीटी बनारस स्पेशल 8.24, फरक्का एक्सप्रेस 6.31, विभूति एक्सप्रेस 5.30, कोटा पुणे 1.04, अमृतसर मेल 2.50 के साथ सुल्तानपुर-बनारस पैसेंजर ट्रेन भी 2.14 घंटे विलम्बित से संचालित हो रही हैं। ------------------------------------------ विमान रद्द, काशी में घूमे अभिनेता अनुपम खेर वाराणसी। अभिनेता अनुपम खेर ने इस स्थिति की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर इंतजार करने की बजाय बनारस में यात्रियों का आनंद उठाना बेहतर है। दोपहर करीब तीन बजे साझा किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि वे श्रीराम भंडार जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके दादाजी हमेशा सिखाते थे कि किसी भी परेशानी से दो बार नहीं गुजरना चाहिए। एक बार सोचकर और दूसरी बार उसे झेलकर। इसी सोच के साथ उन्होंने तय किया कि वे वाराणसी में रुके रहेंगे और काशी की संस्कृति और खानपान का आनंद लेंगे। वीडियो में उन्होंने कचौड़ी, चाट और गुलाब जामुन खाने के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने की बात भी साझा की। इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि वाराणसी सहित उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट पर सुबह के समय घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा था। इसी वजह से वाराणसी-खजुराहो उड़ान रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों को समय रहते बुकिंग में दर्ज संपर्क माध्यमों पर सूचित कर दिया गया था। एयरलाइन ने अनुपम खेर और उनकी टीम को खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए शुभकामनाएं दी और उनके सकारात्मक रवैये की सराहना करते हुए कहा कि उनका नजरिया प्रेरणादायक है। उधर देर शाम अभिनेता ने विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद बातचीत में उन्होंने कहा कि बाबा दर्शन करना था। शायद इस कारण मेरी फ्लाइट रद्द हुई। काशी से हमारा पुराना नाता है। ये नगरी कमाल की है। यहां आओ तो अलग अनुभूति होती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।