अपील के बाद आयात शुल्क ने बढ़ाई चिंता
Varanasi News - सोने पर आयात शुल्क बढ़ने से सराफा बाजार में चिंता गहरा गई है। सरकार ने आयात शुल्क छह से 15 प्रतिशत कर दिया है, जिससे सराफा व्यवसायी निराश हैं। सोने का दाम आठ हजार रुपये बढ़कर एक लाख 65 हजार 700 रुपये हो गया है। छोटे व्यवसायियों को सबसे बड़ी मुश्किल होगी, और तस्करी बढ़ने की आशंका है।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। सोने पर आयात शुल्क बढ़ने से सराफा बाजार में चिंता गहरा गई है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री की अपील के बाद बुधवार को सरकार ने आयात शुल्क छह से 15 प्रतिशत कर दिया है। इससे सराफा व्यवसायी निराश हैं। आयात शुल्क बढ़ने का तात्कालिक असर भी देखने को मिला। बुधवार को सोने का दाम आठ हजार रुपये बढ़कर एक लाख 65 हजार 700 रुपये पहुंच गया। मंगलवार यह 1.57 लाख रुपये प्रति दस ग्राम था। चांदी भी 2.94 लाख रुपये किलो हो गई है। जो मंगलवार को 2.76 लाख रुपये किलो थी。
सराफा व्यवसायियों की चिंता
सराफा व्यवसायियों की बड़ी चिंता यह कि पहले से ही बाजार में 70 प्रतिशत कारोबार प्रभावित था। अब हालात और बिगड़ सकते हैं। वाराणसी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने कहा कि मध्यम और छोटे सराफा व्यवसायियों के सामने सबसे बड़ी मुश्किल होगी। बाजार में अनिश्चितता का माहौल होने से स्थिति ज्यादा गंभीर होगी। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के जिला महामंत्री किशोर कुमार सेठ ने कहा कि सराफा बाजार में पहले से ही कारोबार सिमट गया था अब बिक्री पर ज्यादा प्रभाव दिखने लगा है। सबसे बड़ी मुश्किल कारीगरों को होने वाली है। पिछले सप्ताह जो ऑर्डर मिले हैं उन्हें पूरा करने के बाद अनिश्चितता का माहौल है। कारीगरों को नए ऑर्डर नहीं मिलने से दिक्कतें बढ़ेंगी।
तस्करी बढ़ने की आशंका
सराफा व्यवसायियों का कहना है कि आयात शुल्क बढ़ने से तस्करी बढ़ेगी। ग्रे मार्केट में सोने का दाम अलग हो जाएगा। जिससे नियम कायदों के तहत काम करने वाले व्यवसायियों के सामने दिक्कतें आएगी। ग्रे मार्केट में सोने का दाम कम होने से बाजार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कम वजन के जेवरों की मांग
सोने के दाम बढ़ने के बाद से ही बाजार में कम वजन के आभूषणों की मांग बढ़ी है। अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट और हार में सोने की मात्रा कम करके नगीने की संख्या बढ़ाकर नए डिजाइन में जेवर बाजार में आ रहे हैं। एक ग्राम ज्वेलरी का क्रेज भी बढ़ा है। दो से तीन ग्राम में अब अंगूठी बिक रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


