बसपा विधायक के ठिकानों पर आयकर छापा
Varanasi News - वाराणसी में, आयकर विभाग ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की। लखनऊ, प्रयागराज और बनारस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की, जिसमें विधायक की कंपनियों के कई बैंक खातों की जांच की गई। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। खनन से जुड़े मामले में बुधवार को आयकर विभाग ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। लखनऊ, प्रयागराज और बनारस जोन की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की। मकबूल आलम रोड स्थित डीआईजी कॉलोनी में विधायक के स्वामित्व वाली कंपनी के कार्यालय सहित बलिया और सोनभद्र में भी एक साथ छापे डाले गए। कार्रवाई लखनऊ से आए संयुक्त महानिदेशक (जांच) अभिषेक यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान बनारस क्षेत्र के संयुक्त महानिदेशक (जांच) प्रांजल कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देर रात तक चली जांच के दौरान बनारस, बलिया और सोनभद्र में विधायक की तीन खनन कंपनियों से जुड़े करीब दर्जनभर बैंक खातों की पड़ताल की गई।
छापेमारी में 150 से अधिक अधिकारी और आयकर निरीक्षक शामिल रहे। बताया जा रहा है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की है। जांच में सामने आया है कि संबंधित कंपनियों द्वारा पिछले वर्षों में दाखिल आयकर रिटर्न में दर्शाई गई आय की तुलना में चल और अचल संपत्तियों की संख्या अधिक पाई गई है। विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


