Hindi NewsUttar-pradesh NewsVaranasi NewsInaugural Hockey Tournament for Disabled Athletes in Varanasi Uttar Pradesh
मेजर ध्यानचंद दिव्यांग व्हील चेयर हॉकी टूर्नामेंट कल

मेजर ध्यानचंद दिव्यांग व्हील चेयर हॉकी टूर्नामेंट कल

संक्षेप:

Varanasi News - उत्तर प्रदेश में पहली बार दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 18 जनवरी को वाराणसी में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के बीच तीन मैच होंगे, जिसमें कई प्रसिद्ध दिव्यांग खिलाड़ी भाग लेंगे।

Jan 17, 2026 12:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share Share
Follow Us on

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में पहली बार दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। पैरा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन की ओर से मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 18 जनवरी (रविवार) को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर, वाराणसी में संपन्न होगी। उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक एवं दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने तथा समावेशी भारत के निर्माण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन का गठन किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यह पहला अवसर होगा जब दिव्यांग खिलाड़ी व्हीलचेयर पर हॉकी खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के बीच खेला जाएगा, जिसमें कुल तीन मैच आयोजित होंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह 18 जनवरी को सायं 4:00 बजे होगा। जन विकास समिति के सहयोग से विकास इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र श्री अशोक ध्यानचंद शामिल होंगे, जो विशेष रूप से दिल्ली से वाराणसी आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न हिस्सों से कई नामी-गिरामी दिव्यांग खिलाड़ी एवं खेल जगत की प्रमुख हस्तियां भी इस टूर्नामेंट में शिरकत करेंगी। डॉ. उत्तम ओझा ने उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन की घोषणा करते हुए बताया कि पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी डॉ. अलका दुबे को प्रदेश अध्यक्ष, राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. संजय चौरसिया को महासचिव तथा अरविंद चक्रवाल को कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया गया है। हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े मुकेश कंचन (झारखंड) एवं गणेश शाह (देहरादून) भी इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए काशी आ रहे हैं। इस अनोखे आयोजन को लेकर आमजन में विशेष उत्साह और कौतूहल है, क्योंकि दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा हॉकी जैसे तेज़ और चुनौतीपूर्ण खेल का प्रदर्शन काशी में पहली बार देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी के हवाले से यह जानकारी दी गई।