इजरायल-ईरान जंग: शारजाह जाने वाली दो उड़ान रद्द की गईं
Varanasi News - बाबतपुर (वाराणसी) में इजरायल-ईरान युद्ध के कारण शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें रद्द हो गईं। 330 यात्री प्रभावित हुए, जिनमें से कुछ को घर भेज दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने खाड़ी देशों में एयर स्पेस बंद होने की वजह से उड़ानों को निरस्त किया और अगले 48 घंटे में स्थिति अपडेट करने का आश्वासन दिया।

बाबतपुर (वाराणसी), संवाद। खाड़ी देशों से वाराणसी आने वाले विमानों के संचालन पर इजरायल-ईरान युद्ध का खासा असर पड़ा है। शनिवार को वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे 330 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। शाम को जाने वाली फ्लाइट के यात्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, जिन्हें घर भेज दिया गया। जबकि रात को जाने वाले विमान के यात्रियों को दिन में ही मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से निरस्तीकरण की सूचना दे दी गई थी। बाबतपुर एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह 10.30 बजे आईएक्स-185 विमान पहुंचा। इसमें 158 यात्री सवार थे।
यह विमान घंटे भर बाद वापसी में बेंगलुरु जाता। लिहाजा, इसे बेंगलुरु रवाना किया गया। बेंगलुरु से वापस आकर रात 10.40 बजे यह विमान आईएक्स-186 बनकर शारजाह जाता। इस उड़ान को कैंसिल कर दिया गया। विमान से शारजाह जाने वाले 160 यात्रियों को मोबाइल पर इसकी सूचना दे दी गई थी। लिहाजा, वे एयरपोर्ट नहीं पहुंचे। वहीं, शारजाह से आईएक्स-184 विमान शाम 4.40 बजे पहुंचा। इसमें 168 यात्री सवार थे। यह विमान आईएक्स-183 बनकर शाम 5.40 बजे रवाना होता है, लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। इसकी वजह से 170 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। एयरपोर्ट प्रशासन ने खाड़ी देशों में एयर स्पेस बंद होने का हवाला देकर उन्हें घर भेज दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अगले 48 घंटे में विमान संचालन की स्थिति अपडेट की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



