
फोन इन : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन जरूरी
Varanasi News - वाराणसी के आईएमस बीएचयू की सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. मल्लिका तिवारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यधिक प्रभावी है। 9 से 26 वर्ष की उम्र के लड़के-लड़कियों को वैक्सीन लगवाने की सलाह दी गई है। उन्होंने तंबाकू और शराब के सेवन से बचने पर भी जोर दिया।
वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। आईएमस बीएचयू की सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. मल्लिका तिवारी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी है। नौ से 26 वर्ष की आयु वर्ग की लड़कियां और लड़के दोनों को एचपीवी वैक्सीन लेनी चाहिए। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के साप्ताहिक ‘फोन इन’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि तंबाकू और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। ये कैंसर के प्रमुख कारक हैं। साथ ही रेड मीट का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। सवाल : मुझे दो महीना पहले कैंसर डिटेक्ट हुआ है। क्या मैं भोजन बना सकती हूं। पति के साथ संबध बनाने से कोई दिक्कत तो नहीं है।

-राधिका, चितईपुर जवाब : आप अपनी दिनचर्या सामान्य तरीके से जी सकती हैं। ये छूआछूत की बीमारी नहीं है। आप भोजन बना सकती हैं। यदि आपको सर्वाइकल कैंसर है तो पूरे इलाज के बाद ही संबंध बनाएं, इलाज से पहले संबंध बनाने से समस्या और बढ़ सकती है। सवाल : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के क्या उपाय हैं? -नेहा यादव, अशोक विहार कॉलोनी जवाब : सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी वायरस है। यही वायरस गले के कैंसर, महिलाओं के वल्बर कैंसर और पुरुषों में पेनाइल कैंसर का भी कारक बन सकता है। इसलिए 9 से 26 वर्ष की उम्र के स्त्री-पुरुष दोनों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए। हाइजीन का ध्यान रखना चाहिए। सवाल : तीन महीने से ओरल कैंसर है। लगातार ब्लीडिंग होती है और बैंडेज हटने पर रुकती नहीं। -सुनील सिंह, अस्सी जवाब : यह एडवांस्ड कैंसर की स्थिति लगती है, जो बड़ी रक्त वाहिकाओं तक पहुंच गया है। आपको तुरंत कैंसर विशेषज्ञ से मिलना चाहिए। इसमें सिकाई (रेडिएशन) और कीमोथेरेपी की आवश्यकता पड़ सकती है। सवाल : बार-बार दर्द वाले छाले होते हैं। क्या यह कैंसर का लक्षण है? -प्रमोद यादव, चिरईगांव जवाब : यदि छाले आते–जाते रहते हैं और दर्द करते हैं, तो इनके कैंसर होने की आशंका कम है। लेकिन यदि आप तंबाकू का सेवन करते हैं तो जांच अवश्य करवाएं। सवाल : मुख साफ रखने से कैंसर नहीं होगा? -अशोक उपाध्याय, शिवराज नगर जवाब : मुख की सफाई आवश्यक है, लेकिन मुख का कैंसर गंदगी से कम और तंबाकू के सेवन से अधिक होता है। इसलिए तंबाकू का सेवन बंद कर दें। सवाल : मेरी बहन को ग्रेड-2 ब्रेस्ट कैंसर है। ऑपरेशन में पूरा स्तन नहीं निकाला गया। क्या दोबारा कैंसर का खतरा है? -सर्वेश श्रीवास्तव, भदोही जवाब : ब्रेस्ट कैंसर का इलाज दो तरीकों से होता है। मास्टेक्टॉमी (पूरा स्तन हटाना) बीसीएस/स्तन संरक्षण सर्जरी (गांठ और आसपास का भाग निकालना) इसमें रेडियोथेरेपी अनिवार्य होती है। दोनों ही तरीके सफल और मान्य उपचार हैं। बीसीएस कराने का अर्थ यह नहीं कि दोबारा कैंसर होने की आशंका अधिक है। सवाल : बायोप्सी निकालने से कैंसर फैलता है क्या? -दीपक कुमार, मीरापुर बसहीं जवाब : नहीं। बायोप्सी से कैंसर नहीं फैलता। ध्यान रहे कि सैंपल किसी अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ से ही लिया जाए। सवाल : चार महीने से मुंह नहीं खुल रहा है और सफेद दाग दिखता है। -अमीन अंसारी, बजरडीहा जवाब : तंबाकू में मौजूद पदार्थ ओरल सबम्यूकस फाइब्रोसिस पैदा करते हैं, जिसमें मुंह का खुलना धीरे-धीरे कम होता जाता है। यह गंभीर अवस्था है, इसलिए तुरंत जांच कराएं। कैंसर से बचाव कैसे करें - हरी सब्जियों और मौसमी फल का सेवन करें। - रोज कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें। - अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड कम खाएं। - मोटापा और मधुमेह से बचें। - तंबाकू और शराब से पूरी तरह दूर रहें। - समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराते रहें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




