संगमम: नमो घाट पर अतिथियों को भेंट किया स्मृति चिह्न
Varanasi News - काशी तमिल संगमम 4.0 में तमिलनाडु से आए चौथे दल का नमो घाट पर भव्य स्वागत किया गया। दल के सदस्य काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करने के बाद क्रूज से नमो घाट पहुंचे। यहां डॉ. सुभाषचंद्र यादव ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
वाराणसी, मुख्य संवाददाता। काशी तमिल संगमम 4.0 में तमिलनाडु से आए चौथे दल का सोमवार को नमो घाट पर भव्य स्वागत किया गया। इस दल में बड़ी संख्या में कृषि विशेषज्ञ शामिल रहे। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन और अन्नक्षेत्र में प्रसाद ग्रहण करने के बाद दल के सदस्य ललिता घाट से क्रूज पर सवार होकर नमो घाट पहुंचे। यहां क्रूज से उतरते समय प्रभारी अधिकारी डॉ. सुभाषचंद्र यादव ने सहयोगियों के साथ दल के प्रत्येक सदस्य का स्वागत बारी-बारी से किया। क्रूज से उतर कर घाट पर आते समय एक-एक प्रतिनिधि को डॉ. यादव ने अंगवस्त्रम् भेंट किया। उनके साथ खड़े सहयोगी हर किसी को वणक्कम काशी बोलकर जोगिया रंग के डिब्बे में पैक स्मृतिचिह्न भेंट करते जा रहे थे।
यहां पहुंचने के बाद दस के सभी पुरुष एवं महिला सदस्यों का समूह फोटोग्राफ किया गया। सभी कतारबद्ध होकर नमस्ते के विशाल स्टैच्यू के सामने खड़े हुए। इसके बाद जहां कुछ सदस्य नमो घाट के दक्षिणी हिस्से में हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाने के लिए सीढ़ियों पर बैठ गए, वहीं बहुत से सदस्य ऐसे थे जो नमो घाट पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करने में व्यस्त हो गए। दल में शामिल महिला सदस्यों ने नमस्ते के विशाल स्टैच्यू के साथ सेल्फी लेने में ज्यादा रुचि दिखाई। वहीं बहुत से ऐसे लोग भी दिखे जो नमस्ते के स्टैच्यू के आगे हवा में दोनों हाथ उठाकर नमस्ते करते हुए अपनी फोटो करा रहे थे। दुभाषिए की मदद से बातचीत में दल के सदस्यों ने कहा कि मोक्ष नगरी काशी को देखने समझने के लिए हम बहुत जिज्ञासु हैं। हमें विश्वास है कि यहां हमें बहुत कुछ देखने और समझने को मिलेगा। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और प्रसादम् प्राप्त होना भी हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




